मनीमाजरा। पिपलीवाला टाउन में सोमवार रात तीन चोरों ने एक दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसकर चोरी करने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि उनकी इस हरकत को पास ही एक दुकानदार ने देखकर शोर मचा दिया। इस पर चोर भाग गए और चोरी की वारदात टल गई। दुकान मालिक राजिंदर कुमार ने बताया कि उनकी पिपलीवाला टाउन में सूबेदार किराना स्टोर नाम से दुकान है। मंगलवार तड़के 3:30 बजे तीन चोरों ने उनकी दुकान के ताले तोड़े। इसके बाद एक युवक दुकान के अंदर चला गया, एक दुकान के बाहर शटर के पास खड़ा हो गया और एक एक्टिवा स्टार्ट करके दुकान के बाहर सड़क पर खड़ा रहा। उनकी इस हरकत की आवाज कुछ ही दूरी पर एक दुकानदार ने देखकर शोर मचा दिया। इस पर वे तीनों स्कूटर पर बैठ कर भाग गए।
वेरका डेयरी चलाने वाले दुकानदार सतीश कुमार ने बताया कि वह सुबह 3:30 बजे अपनी दूध की डेयरी में काम कर रहे थे। शटर उठने की आवाज सुनने पर बाहर जाकर देखा कि एक युवक एक्टिवा पर और एक दुकान के बाहर खड़ा है। इस पर शोर मचाया तो वे तीनों सफेद रंग की एक्टिवा पर इंदिरा कॉलोनी की तरफ भाग गए।
गोविंदापुरा में भी दुकान में चोरी की कोशिश
वहीं सोमवार रात मनीमाजरा स्थित गोविंदपुरा की दुकान नंबर-784/9 (जीके कन्फेसरी) के ताले भी तोड़े गए। दुकानदार गिरेबान पासवान ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में रात को 3:11 पर उनकी दुकान की बाहर की लाइट जलने के बाद एक युवक उनकी दुकान का ताला तोड़ते हुए नजर आया जो किसी की आहट सुनने के बाद भाग गया। इससे दुकान में चोरी होने से बच गई।