चंडीगढ़। शहर के स्कूल परिसरों में लगे पेड़ आम लोगों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। शुक्रवार सुबह सेक्टर-10ए के स्कूल में सफेदा के पेड़ की एक डाली टूटकर गिर गई। स्कूल की चारदीवारी के पास कई वाहन और लोग खड़े थे, गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्कूल के पास मकान नंबर-29 में रहने वाले डॉ. सुनील सूद का कहना है कि उन्होंने करीब 6 माह पहले प्रशासन के हॉर्टिकल्चर डिपार्टमेंट को शिकायती पत्र देकर स्कूल के अंदर स्थित सफेदा के पेड़ को कटवाने की मांग की थी। डॉ. सूद ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया था कि स्कूल के अंदर स्थित यह सफेदा का पेड़ काफी पुराना हो गया है और कभी यह टूटकर गिर सकता है। इससे कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि शिकायत पत्र की जांच के लिए एक टीम भी आई थी। टीम के सदस्यों का कहना था कि पेड़ को काटना पड़ेगा इसलिए जल्द ही पूरा सामना लेकर आएंगे और पेड़ काटा जाएगा। डॉ. सूद का कहना है कि इसके बाद कभी कोई टीम नहीं आई। उनका कहना है कि अभी तो केवल पेड़ की एक डाल ही गिरी है। इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पेड़ जर्जर हो चुका है। अगर अभी नहीं हटाया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।