चंडीगढ़। पीजीआई के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एजुकेशन (नाइन) में ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस डे उद्देश्यपूर्ण तरीके से मनाया गया। यह कार्यक्रम अक्तूबर माह के ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका मकसद स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता, शुरुआती पहचान और आधुनिक उपचार विकल्पों के बारे में जानकारी फैलाना था। इस वर्ष की थीम हर कहानी है अनोखी, हर सफर मायने रखता है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जनरल सर्जरी विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर दिव्या दहिया ने किया। उन्होंने स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान और मासिक स्क्रीनिंग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्जरी, रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी का उपयोग ब्रेस्ट कैंसर के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रिंसिपल डॉ. सुखपाल कौर ने संतुलित आहार, फल-सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन ग्रहण करने की सलाह दी। बताया ये कैंसर के खतरे को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि जंक फूड और रेड मीट से परहेज जरूरी है क्योंकि यह कैंसर के खतरे को बढ़ाते हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, तेज चलना और योग को भी स्वस्थ जीवनशैली के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर ब्रेस्ट कैंसर: रिस्क, प्रीवेंशन, ट्रीटमेंट एंड रिकवरी विषय पर पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। वक्ता पैनल में डॉ. दिव्या दहिया, डॉ. सुखपाल कौर, डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. सुषमा सैनी और डॉ. मनिंदरदीप कौर शामिल थीं। चर्चा का संचालन डॉ. मीनाक्षी अग्निहोत्री ने किया। इसमें नर्सिंग विद्यार्थियों और फैकल्टी को रोकथाम, समय पर स्क्रीनिंग और समग्र देखभाल का महत्व बताया गया। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।