हाउस मीटिंग में सोमवार को सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम को नगर निगम के दायरे में शामिल करने की मांग उठी। मेयर सुभाष चावला ने हाउस में यह प्रस्ताव रखा।
सभी पार्षदों ने इस पर सहमति जता दी। नगर निगम अब इसको लेकर एक प्रस्ताव तैयार करेगा और यूटी प्रशासन से मांग की करेगा कि स्टेडियम के रखरखाव की जिम्मेदारी निगम को सौंपी जाए।
शहर में खेल को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
हाउस मीटिंग में इस बारे में कोई प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया था। शहर में खेल के मैदानों की कमी पर पार्षद सौरभ जोशी ने कहा कि एनएसी मनीमाजरा का काफी इलाका उजाड़ पड़ा है।
वहां इनडोर स्टेडियम या अन्य कोई इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा सकता है। यह पूरी जमीन नगर निगम की है। इस पर मेयर ने जवाब दिया कि यूटी प्रशासन ने शहर के मास्टर प्लान में बहुत सी जमीन को चयनित किया है।
मास्टर प्लान फाइनल होने के बाद ही इस जमीन पर किसी प्रकार के डेवलपमेंट पर योजना बनेगी। मेयर ने कहा कि फिलहाल जो सुविधा शहर में है, उसी को विकसित किया जाना चाहिए। इस पर मेयर चावला ने सेक्टर-16 स्टेडियम का सुझाव रखा।
छह साल से नहीं हुआ अंतरराष्ट्रीय मैच
सेक्टर-16 स्टेडियम अभी यूटी प्रशासन के पास है, लेकिन यहां कोई खास डेवलपमेंट नहीं हो रहा। यहां 2007 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं हुआ है। आज तक यहां कोई आईपीएल मैच भी नहीं हुआ है।