चंडीगढ़। शहर में सड़क सुरक्षा मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन का इंजीनियरिंग विभाग 94.36 लाख रुपये की लागत से चार टेबल टॉप (रेज्ड जंक्शन) बनाएगा। इसके लिए विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। 22 जुलाई को बिड प्राप्त होने के साथ ही तकनीकी बिड खोली जाएगी। ई-वैल्यूएशन कमेटी दस्तावेजों की जांच करेगी जिसके बाद पात्र कंपनियों की वित्तीय बिड खोली जाएगी। सबसे कम दर देने वाली कंपनी को निर्माण कार्य सौंपा जाएगा। परियोजना के तहत एक टेबल टॉप चंडीगढ़-कालका हाईवे पर कलाग्राम लाइट पॉइंट पर बनाया जाएगा जबकि तीन टेबल टॉप रूट नंबर-3 पर सेंट कबीर स्कूल से नर्सरी लाइट पॉइंट के बीच तैयार किए जाएंगे।
सड़क हादसों की आशंका कम होगी
इन टेबल टॉप के बनने से वाहनों की गति स्वत: नियंत्रित होगी, जिससे सड़क हादसों की आशंका कम होगी। साथ ही पैदल यात्रियों और सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। रूट नंबर-3 गवर्नर हाउस के सामने से होकर मनीमाजरा और पंचकूला तक जाने वाला शहर का प्रमुख वीवीआईपी और हाई ट्रैफिक कॉरिडोर है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। सूत्रों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कर लोगों को जल्द इसका लाभ देना है।
कोट....
ट्रैफिक पुलिस और प्रशासक की एडवाइजरी कमेटी की सिफारिश पर इन दोनों सड़कों पर चार टेबल टॉप बनाने का प्रस्ताव तैयार कर टेंडर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य वाहनों की गति नियंत्रित करना और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है। -सीबी ओझा, चीफ इंजीनियर, चंडीगढ़ प्रशासन