इसे कहते हैं दोस्ती, तैरना नहीं आता था फिर भी नदी में कूदकर दोस्त की जान बचाई। गुरमीत ने साहिल को तो बाहर निकाल दिया, लेकिन वह खुद डूब गया। घटना हरियाणा के सिरसा की है। घग्गर नदी के ऊपर से गुजरने वाली पंजुआना से सिरसा पानी सप्लाई पाइप लाइन से पैर फिसलने के कारण नौंवी कक्षा का छात्र साहिल नदी में गिर गया। तैरना नहीं आने के बावजूद भी उसे बचाने के लिए उसका दोस्त गुरमीत भी नदी भी कूद गया।
गुरमीत ने उसे तो बाहर निकाल दिया, लेकिन उसके खुद के साथ अनहोनी घट गई। घटना के बाद गांव खैरेका में मातम छा गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से एक घंटे बाद गुरमीत के शव को नदी से निकाला। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, दोनों बचपन के दोस्त थे और एक ही कक्षा में एक ही स्कूल में पढ़ते थे।
ऐसे गिरा साहिल नदी में
जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय गुरमीत व 14 वर्षीय साहिल बचपन से ही दोस्त थे और दोनों ही गांव के सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ते थे। दोनों हमेशा एक साथ रहते थे। रोजाना की तरह शनिवार को भी दोनों एक साथ पेपर देने के लिए स्कूल गए और घर भी एक साथ लौटे थे। गुरमीत के पिता पूर्ण चंद ने बताया कि खाना खाने के बाद गुरमीत व साहिल उर्फ शालू करीब दो बजे एक साथ घग्गर नदी पर खेलने के लिए निकल पड़े।
परिजनों ने बताया कि उनके साथ गांव के ही कुछ अन्य लड़के भी खेलने के लिए चल पड़े। जब सभी लड़के घग्गर नदी पर बना पुल पार कर रहे थे तो अचानक साहिल उर्फ शालू का पांव फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। शालू को बचाने के लिए गुरमीत ने भी नदी में छलांग लगा दी। दोनों में से तैरना किसी को भी नहीं आता था। गुरमीत ने शालू को किसी तरह नदी के किनारे पहुंचा दिया। लेकिन वह खुद नदी से बाहर नहीं निकल पाया और डूब गया।
जब गुरमीत बाहर नहीं आया तो साथी लड़कों ने शोर मचाया। जिसके बाद पशु चराने वाले लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों व परिजनों को दी। गांव के सरपंच निशांत जोसन व सदर पुलिस मौके पर भी पहुंच गई।
करीब एक घंटे के बाद मिला गुरमीत का शव
गुरमीत के शव तलाशने के लिए गोताखोर नदी में कूदे। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद गुरमीत के शव का तलाश करके नदी से बाहर निकाला। इससे पहले गुरमीत के नदी में डूब जाने की सूचना गांव में और परिजनों तक पहुंच गई। कुछेक ग्रामीण गुरमीत की तलाश में नदी में उतरे, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
पंजुआना से आती है शहर को पानी सप्लाई
खैरेका गांव के सरपंच निशांत जोसन ने बताया कि पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन पंजुआना गांव से सिरसा आती है। घग्गर नदी के ऊपर से करीब 300 फुट लंबी पाइप गुजरती है। पाइप लाइन को लोहे की बड़ी ग्रिल से कवर किया हुआ है।
हैंडबाल का अच्छा खिलाड़ी था गुरमीत
मृतक छात्र गुरमीत के पिता पूर्णचंद ने बताया कि गुरमीत हैंडबाल का अच्छा खिलाड़ी था। साहिल और गुरमीत दोनों रोजाना गांव में बने क्लब में हैंडबाल का अभ्यास करने जाते थे। गुरमीत का सपना हैंडबाल का अच्छे खिलाड़ी बन कर गांव का नाम रोशन करने का था।
मृतक गुरमीत के पिता पूर्णचंद के बयानों के आधार पर पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों ही एक साथ खेलने के लिए घग्गर नदी पर गए थे। इस दौरान अचानक शालू नदी में गिर गया, उसको निकालने के लिए गुरमीत ने छलांग लगा दी। लेकिन शालू तो बच गया, परंतु गुरमीत नदी में डूब गया और उसकी मौत हो गई।
- ओम प्रकाश, जांच अधिकारी, सदर थाना, सिरसा