तरनतारन के गांव के पास पकड़ी हेरोइन की खेप
सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने बुधवार रात सीमांत गांव वां के पास ड्रोन द्वारा गिराई हेरोइन की खेप बरामद की। बीएसएफ ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर चलाए सर्च अभियान के बाद एक बाइक गांव माड़ी कंबोके से पकड़ी।
तरनतारन के गांव वां के पास मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे बीएसएफ के जवानों ने रात नौ बजकर पांच मिनट पर पाकिस्तान की और से घुसे ड्रोन की आवाज सुनी तो उस पर फायरिंग कर दी। इसके कुछ ही पलों में ड्रोन की आवाज बंद हो गई और कुछ गिरने की आवाज भी जवानों ने सुनी।
इस दौरान ही रात नौ बजकर दस मिनट पर बीएसएफ की इसी पार्टी ने वां गांव से आने वाले एक बाइक की आवाज सुनी। चालक ने बाइक की लाइट बंद कर रखी थी। जवानों ने जैसे ही बाइक सवार को रुकने के लिए आवाज लगाई तो चालक ने गति बढ़ाते हुए अपनी मोटरसाइकिल को गांव माड़ी कंबोके की तरफ भगा लिया। बाइक चालक बाइक को छोड़ कर फरार हो गया।
इसके बीएसएफ जवानों ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान जवानों ने दो घरों के बीच पीले रंग की सेलो टेप में लिपटा एक पैकेट बरामद किया। जिसके साथ लोहे का एक छल्ला बंधा हुआ था। यही हेरोइन वाला पैकेट ड्रोन गिरा कर गया था। इस पैकेट के अंदर दो किलो पांच सौ ग्राम हेरोइन मिली। बीएसएफ ने हेरोइन और मोटरसाइकिल को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।