चंडीगढ़। सेक्टर 9 स्थित बूम बॉक्स कैफे में बिना अनुमति के हुक्का परोसने के आरोप में प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात करीब 12.30 बजे यह कार्रवाई की गई। हालांकि बाद में प्रबंधक को जमानत पर छोड़ दिया गया।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए डीसी ने शहर के क्लबों के बारे में दिशा निर्देश जारी किए थे। शिकायत मिल रही थी कि क्लबों में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शुक्रवार रात सेक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह की अगुवाई में एएसआई सतीश कुमार टीम के साथ एरिया में गश्त कर रहे थे। रात करीब 12.30 बजे पुलिस टीम सेक्टर-9 स्थित बूम बॉक्स कैफे पहुंची। इस दौरान क्लब की मेज पर पर हुक्का परोसा जा रहा था। क्लब में आए युवक-युवतियां इस हुक्के का सेवन कर रहे थे। पुलिस ने हुक्के को कब्जे में लेकर क्लब के प्रबंधक हरविंदर सिंह, निवासी रामदरबार फेस-एक से पूछताछ की। उनके पास हुक्के की अनुमति का कोई दस्तावेज नहीं था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हरविंदर ने बताया कि हुक्के पर उसे 500 रुपये अलग से मिलते थे, जिस कारण वह लालच में आकर क्लब में हुक्का परोसता था। इसके बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने प्रबंधक हरविंदर सिंह के खिलाफ आईपीसी 188 के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि पुलिस ने बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया।
हुक्का परोसने पर पहले भी प्रबंधक हो चुके हैं गिरफ्तार
25 नवंबर को सेक्टर-9 स्थित एसको बार में ग्राहकों को हुक्का परोसने पर प्रबंधक साहिल ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था। वहीं एक नवंबर को औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित तमजारा क्लब के प्रबंधक राज ठाकुर को हुक्का परोसने के आरोप में दबोचा था जबकि जून में सेक्टर-7 स्थित रेस्टोरेंट सुल्तान में हुक्का परोसने पर प्रबंधक समेत छह नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा था।