कुरुक्ष्ाेत्र के पिपली में रोडवेज की बस में धमाका
- फोटो : amar ujala
पिपली (कुरुक्षेत्र) के पास रोडवेज बस में धमाका करने वाले अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। मामले में पुलिस को अभी तक कुछ हासिल नहीं हो सका है। पुलिस फिर भी घटना को अंजाम देने वालों की तलाश में जुटी है। पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि घटना की प्रकृति को देखते हुए ऐसा लगता है कि बस में धमाका करने वाला शख्स बम बनाने और उसे फिट करने में माहिर था।
इस संबंध में पुलिस ने घटना को अंजाम देने वालों अपराधियों के बारे में सुराग देने वालों के लिए 10 लाख रुपये का पुरस्कार रखा है। सोनीपत डिपो से चलने वाली बस में बैग रखने वाला यात्री कौन था और वह बस से कहां उतरा तथा उसकी वेशभूषा सहित सटीक जानकारी हासिल करने के लिए पुलिस टीमें लगातार छानबीन में जुटी हुई हैं। घटना को अंजाम देने वालों की तलाश कर रही हरियाणा पुलिस की निगाहें नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) सहित देश की अन्य सुरक्षा एजेंसियेां की जांच पर भी टिकी हैं।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो बम रखने वाला व्यक्ति बम बनाने में भी माहिर था। साल के शुरुआती पांच महीनों के अंतराल में तीन लो-इनटेंसिटी बम धमाकों ने यह जरूर साबित कर दिया है कि प्रदेश की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। बम धमाके की घटना के बाद से ही एनआईए, आईबी सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियां सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं की छानबीन में जुटी हैं।