चंडीगढ़। शहर में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग इलाकों से तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। इनमें सेक्टर-15 के पार्क में मिले अज्ञात व्यक्ति की मौत को लेकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
सेक्टर-11 थाना पुलिस को बुक मार्केट के एक दुकानदार ने सूचना दी कि सेक्टर-15 के एक पार्क में बेंच पर करीब 40 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक के सिर और चेहरे के ऊपरी हिस्से पर चोट के निशान पाए गए। बेंच और आसपास की जमीन पर खून बिखरा हुआ था।
मौके से एक टूटा हुआ हेलमेट, पानी की बोतल और अन्य सामान भी बरामद किया गया। हेलमेट के एक हिस्से पर खून के धब्बे मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि संभवत: हेलमेट से वार कर हत्या की गई हो। साक्ष्य जुटाने के लिए सेक्टर-36 स्थित सीएफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 स्थित अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान होने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
दूसरी घटना में सेक्टर-31 थाना पुलिस को रामदरबार फेज-2 मार्केट के पास एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि वह भिखारी था और उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
तीसरा शव सेक्टर-28/29 के लाइट प्वाइंट के पास मिला। राहगीर की सूचना पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब का आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-32 स्थित अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।