एयरपोर्ट पर फ्लाइट से सुरक्षित उतारे यात्री
- फोटो : अमर उजाला
शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर इंडिगो की फ्लाइट 6E108 में लैंडिंग के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में विस्फोट हो गया। इससे विमान में धुआं फैल गया और अफरातफरी मच गई। इमरजेंसी स्लाइडर से उतरते समय पांच यात्री घायल हो गए। एक महिला को मल्टीपल फ्रैक्चर हुआ है।
हैदराबाद से आई इस फ्लाइट में 200 यात्री, दो बच्चे और छह क्रू मेंबर सवार थे। फ्लाइट दोपहर 3:29 बजे सुरक्षित लैंड कर चुकी थी। टैक्सी-वे पर पहुंचते ही सीट नंबर 39सी पर बैठे यात्री देवांश ने क्रू मेंबर्स को पावर बैंक में आग लगने की सूचना दी। क्रू मेंबर्स ने तुरंत अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक केबिन में तेजी से धुआं फैल चुका था।
इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्रू ने तुरंत अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया। तब तक केबिन में धुआं तेजी के साथ फैल चुका था। फ्लाइट के बे नंबर-1 पर पहुंचने के बाद करीब 3:35 बजे क्रू मेंबर्स ने एहतियातन इमरजेंसी गेट खोल दिया और आपातकाल घोषित कर दिया। इसके बाद यात्रियों को इन्फ्लेटेबल इमरजेंसी स्लाइड्स के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के दौरान सीट संख्या 25-एफ पर बैठी यात्री ऋचा घबराहट में स्लाइडर से उतरते समय गिर गई जिससे उनके मल्टीपल फ्रैक्चर हो गए।
वायुसेना का फायर एक्सटिंग्विशर ट्रक पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही वायुसेना का फायर एक्सटिंग्विशर ट्रक करीब 3:38 बजे मौके पर पहुंच गया। तब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जा चुका था। इसलिए ट्रक का उपयोग नहीं करना पड़ा। इसकी वजह थी कि आग पर पहले ही काबू पाया जा चुका था।
घायलों को लेकर क्रू मेंबर अभिषेक पहुंचे जीरकपुर
क्रू मेंबर अभिषेक सभी घायलों को जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। ऋचा की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन करवाया जिसमें उनके मल्टीपल फ्रैक्चर निकले। डॉक्टरों ने कहा है कि उनकी सर्जरी करनी पड़ेगी। अभी तक यह साफ नहीं हुआ के पावर बैंक ब्लास्ट कैसे हुआ। पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीमें जांच कर रही हैं।