संगरुर के धूरी में शेरपुर रोड पर स्थित आलुओं से भरे कोल्ड स्टोर में शुक्रवार को जोरदार धमाका हो गया। धमाके से कोल्ड स्टोर की पूरी इमारत मलबे में तबदील हो गई, वहीं मलबे के नीचे दबने से चार व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि 34 लोग घायल हो गए, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब ग्यारह बजे धूरी ओवरब्रिज के नजदीक स्थित गुरु नानक कोल्ड स्टोर में जोरदार धमाका हुआ और इमारत ढह गई।
वहां काम कर रहे लोग मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही डीसी अमरप्रताप सिंह विर्क, एसएसपी इंदरबीर सिंह, एसडीएम धूरी अमरिंदर सिंह टिवाणा, डीएसपी धूरी करनशेर सिंह, एसएचओ सिटी हरजिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को निकालने के लिए प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस मंगवाई गई।
शाम तक चले रेस्क्यू आपरेशन में मलबे से गुरमीत सिंह निवासी सेखां (पायल), पप्पी निवासी खुर्द, पिंटू निवासी जहांगीर और राजन निवासी धूरी के शव को बाहर निकाला गया। जबकि मलबे के नीचे दबने और गैस चढ़ने से जसप्रीत सिंह, जसवीर कौर, सुमनप्रीत कौर, दलजीत कौर, परमजीत कौर, सतविंदर सिंह, गगनजीत कौर, हरप्रीत कौर, बलविंदर कौर, कुलदीप सिंह, संदीप सिंह, तरसेम सिंह, जसवीर सिंह, सरबजीत सिंह, करनैल सिंह, अशोक पासवान, बहादर सिंह, विजय कुमार, चमन, कुलवीर सिंह और अमरजीत कौर सहित करीब 34 लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। जबकि चरना सिंह, मनोज, बंटी, सुरेश कुमार को गंभीर हालत में लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अमोनिया गैस चढ़ने से लोग घायल हो गए।