देश के विभिन्न राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव से निपटने के बाद भारतीय जनता पार्टी पंजाब की सुध लेगी। हाल ही में हुए निकाय चुनाव में मिली शिकस्त के बाद पार्टी जल्दबाजी के मूड में नहीं है। आलाकमान ने अभी पंजाब के नेताओं से शांत रहने को कहा है। इस वजह से संगठन में भी फौरी तौर पर कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है।
हालांकि कुछ नेताओं ने प्रभारी से इस बाबत शिकायत की है कि पंजाब में गिने-चुने चेहरे ही पिछले कई साल से सक्रिय हैं। केंद्र से भी उन्हें ही तरजीह दी जाती है, लेकिन विधानसभा चुनाव से निपटने के बाद ही इन सभी शिकायतों पर संज्ञान लिया जाएगा।
पंजाब में 23 साल साथ रहने वाले शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन टूटने के बाद और किसान आंदोलन के बीच भाजपा ने यह निकाय चुनाव अकेले ही लड़ा। भाजपा के लिए निकाय चुनाव के परिणाम अच्छे नहीं रहे। सूबे में भाजपा के बड़े नेताओं ने अभी तक इस हार की जिम्मेदारी नहीं ली है। जिला और ब्लाक स्तर के कार्यकर्ता अंदरखाते इस हार के लिए प्रदेश के बड़े नेताओं को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि संगठन के बड़े नेताओं का चुनाव में साथ नहीं मिलने के कारण ऐसे हालात हुए हैं।
यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि पंजाब में भाजपा को कुछ गिने-चुने नेता ही चला रहे हैं, जिसको लेकर भी अन्य प्रदेश स्तरीय नेताओं ने चुनाव से दूरी बनाकर रखी। हालांकि चुनाव परिणाम के बाद संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारियों ने अपनी इस नाराजगी को केंद्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है, लेकिन केंद्रीय नेता अभी प्रदेश संगठन में बदलाव करने में जल्दबाजी के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
पंजाब के निकाय चुनाव के परिणाम से पंजाब प्रभारी दुष्यंत गौतम भी खासे निराश हैं। चुनाव के तुरंत बाद भाजपा प्रभारी ने जिला, प्रदेश और कोर कमेटी की आयोजित होने वाली बैठकों के आयोजन को स्थगित कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि चुनाव में हार के बाद होने वाली बैठकों में कार्यकर्ता अपनी नाराजगी प्रकट कर सकते हैं, जिससे अब बैठकों के हंगामेदार होने के आसार हैं।
निकाय चुनाव के आए परिणामों पर मंथन किया जा रहा है। संगठन बदलाव को लेकर अभी कोई चर्चा नहीं है। दूसरे राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर कुछ व्यस्तता ज्यादा है, इस कारण से बैठकों को रद्द किया गया है। जल्द ही दोबारा से बैठकें बुलाई जाएंगी और 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। - दुष्यंत गौतम, प्रभारी, भाजपा (पंजाब)।