भाजपा नेता और पूर्व मंत्री प्रोफेसर लक्ष्मीकांता चावला ने कहा कि मोहम्मद मुस्तफा इतने साल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बने रहे मगर उनका सच सामने नहीं आया। पंजाब में आग लगाने वाले बयान पर बहुत अफसोस हुआ। पूर्व मंत्री प्रो. चावला ने मुस्तफा के हिंदू विरोधी बयान पर रविवार को एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि वह (मुस्तफा) अपने दिल में इतना जहर लेकर कैप्टन के साथ काम करते रहे। पंजाब को कितना नुकसान पहुंचाया होगा, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। रजिया सुल्ताना के बारे में उन्होंने कहा कि क्या ऐसे परिवार की महिला मंत्री होनी चाहिए, जिसके परिवार में पंजाब व हिंदुओं के लिए इतना जहर है और धमकी दी जाती है कि अगर मेरे नजदीक हिंदुओं का जलसा करवाया जाता तो ऐसी आग लगा दूंगा कि फिर सरकार से संभाला नहीं जाएगा।
प्रो. चावला ने सिद्धू को संबोधित करते हुए कहा वह मोहम्मद मुस्तफा को अपनी गोद में बैठाए हुए हैं। अगर मुस्तफा सिद्धू की भाषा बोल रहे हैं तो कांग्रेस पार्टी एक्शन लेकर सिद्धू को पार्टी से बाहर निकाले। अगर मुस्तफा की भाषा है तो सिद्धू उन्हें अपनी गोद से उतारें और ऐसा बयान देने वाले के खिलाफ जो कार्रवाई बनती है, करें। उन्होंने सिर्फ हिंदुओं के विरुद्ध नहीं बोला, देश के विरुद्ध बोला है, जो राष्ट्रीय अपराध किया है। पूर्व मंत्री ने पंजाब सरकार, चुनाव आयोग और भारत सरकार से संज्ञान लेने की अपील की।