लोकसभा चुनाव में शानदार विजय के बाद भाजपा की कोर कमेटी ने अब प्रदेश भाजपा को हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों में से 75 विधानसभा सीटें जीतने का टारगेट दिया है। चार माह बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसे लेकर भाजपा ने अभी से कमर कस ली है। प्रदेश भाजपा इसके मद्देनजर हरियाणा में एक बार फिर बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश समिति को मजबूत बनाने में जुटी हुई है। विधानसभा फतेह के लिए भाजपा संगठन भले ही जल्द फिर से अपनी एक्सरसाइज शुरू करने जा रहा है, लेकिन इसका बड़ा दारोमदार सत्तारूढ़ मनोहर सरकार पर भी रहेगा।
अपने इसी टारगेट को लेकर मनोहर सरकार अब पूरी तरह से टॉप गियर में हैं, वहीं दूसरे दलों में सेंधमारी का खेल भी और अब तेज होने वाला है। सरकार ने इसी के मद्देनजर अपने सौ दिन के एजेंडे को सेट कर काम करना शुरू कर दिया है। उन मुद्दों की खेती तैयार की जा रही है, जिनके बूते आगामी विधानसभा चुनाव लड़ा जाना है। भाजपा संगठन और मनोहर सरकार भी यही चाहती है कि अब किसी भी कीमत पर मिशन 75 पूरा करते हुए फिर से हरियाणा में अपना राज वापस लाया जाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में हरियाणा में आगामी विधानसभा में 75 सीटें जीतने का टारगेट दिया गया है, जिसे प्रदेश भाजपा जरूर पूरा करेगी।