हरियाणा प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक 27 मार्च को पंचकूला में बुलाई गई है। इसका आयोजन बीते सप्ताह दिल्ली में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए उस फैसले के आधार पर किया जा रहा है।
इसमें तय किया गया है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के एक सप्ताह के भीतर प्रदेश कार्यसमितियों की मीटिंग का आयोजन करना अनिवार्य है। भाजपा के प्रवक्ता वीर कुमार यादव ने इसकी पुष्टि की है।
पंचकूला में मोरनी रोड स्थित रेडवुड रिसोर्ट में यह बैठक सुबह 9 बजे होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला करेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके मंत्रियों के अलावा पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन भी हिस्सा लेंगे। इसमें पिछली बैठक से अब तक की प्रमुख गतिविधियों व कार्यक्रमों का आकलन किया जाएगा।
इससे अलावा संगठन से जुड़े मामलों पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही प्रदेश में घटित हाल की घटनाओं जाट आरक्षण आंदोलन और एसवाईएल पर पंजाब के कारण बनी परिस्थितियों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में हिस्सा लेने के लिए दूरदराज से आने वाले सदस्यों के लिए 26 मार्च को रात को पंचकूला में ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।