पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व हेमा मालिनी
- फोटो : फाइल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सांसद हेमा मालिनी और सनी देओल का नाम शामिल है। पंजाब भाजपा के बड़े चेहरों को भी स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी ने जगह दी है।
इन नेताओं के नाम हैं शामिल
स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत केंद्रीय मंत्री और पंजाब में चुनाव सह प्रभारी मीनाक्षी लेखी, हरदीप पुरी, अनुराग ठाकुर, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, गजेंद्र सिंह शेखावत, स्मृति ईरानी का नाम शामिल है। इन चेहरों के अलावा सांसद और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी और गुरदासपुर के सांसद सनी देओल भी पंजाब में पार्टी का चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। किसान आंदोलन के समय खुलकर किसान संगठनों के खिलाफ और कृषि कानूनों के पक्ष में बयानबाजी करने वाले पंजाब भाजपा के नेता हरजीत ग्रेवाल का नाम भी सूची में शामिल है।
इन राज्यों के मुख्यमंत्री भी करेंगे प्रचार
पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्री भी पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे। इनमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर का नाम है। इसके अलावा पंजाब भाजपा के बड़े चेहरे तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश और अविनाश राय खन्ना भी प्रचार सूची का हिस्सा है।
अगले हफ्ते आएंगे मोदी
पंजाब में भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब अगले सप्ताह आ सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि सब कुछ तय हो चुका है। जल्द ही इसका एलान कर दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिअद संयुक्त के मुखिया सुखदेव सिंह ढींडसा भी मौजूद रहेंगे।