जाट आरक्षण आंदोलन के साथ एसवाईएल को लेकर खट्टर सरकार पर हमलावर इनेलो की घेराबंदी भाजपा ने शुरू कर दी है। अंबाला के निकट इस्माइलपुर में 23 फरवरी को एसवाईएल नहर की खुदाई करने की तैयारी में जुटे इनेलो के पूर्व सीपीएस एवं तीन बार विधायक रह चुके रामपाल माजरा के खिलाफ भाजपा ने सीडी बम फोड़ा है।
हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव ने शुक्रवार को यहां अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में माजरा के खिलाफ सीडी जारी की। इसमें उन्हें पंजाब विधानसभा चुनाव में लहरागागा से अकाली दल उम्मीदवार परमिंदर सिंह ढींढसा के लिए चुनाव प्रचार करते हुए दिखाया है। यादव ने कहा कि बीते साल 17 मार्च को नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा में एसवाईएल के मसले पर अकाली दल से राजनीतिक रिश्ते खत्म करने का एलान किया था। साथ ही पंजाब चुनाव में अकाली दल का समर्थन न करने की भी बात कही थी।
उन्होंने कहा कि बावजूद इसके पूर्व सीपीएस का सीडी में प्रचार करते दिखना इनेलो की दोहरी राजनीति को उजागर करता है। यादव की मानें तो माजरा सीडी में पंजाब के विभिन्न इलाकों में अंदरखाते प्रचार करने की बात भी स्वीकार रहे हैं। यादव ने आरोप लगाया कि अभय चौटाला की बिना अनुमति के माजरा पंजाब में अकाली दल के लिए प्रचार नहीं कर सकते। इसलिए इनेलो ढोंग करने के बजाय अपनी वास्तविक स्थिति एसवाईएल पर स्पष्ट करे। वह दिन दूर नहीं है जब इनेलो को हरियाणा में भाजपा का समर्थन करना पड़ेगा।