चंडीगढ़ कांग्रेस नेताओं की प्रेस कांफ्रेंस
नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा को चंडीगढ़ में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो दिग्गज समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। भाजपा की स्टेट लीगल सेल (वूमेन) की कन्वीनर दीपा असधीर दुबे और युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष साहिल दुबे अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल और अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा भी मौजूद रहे।
छाबड़ा ने कहा है कि भाजपा के कई और नेता उनके संपर्क में हैं और वे कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। मालूम हो कि दीपा असधीर दुबे वार्ड नंबर-2 के सेक्टर-15 की निवासी है और यह वार्ड नगर निगम चुनाव के लिए महिला के लिए रिजर्व हो गया है। कांग्रेस के पास इस वार्ड से कोई प्रबल दावेदार भी नहीं है क्योंकि इस वार्ड से चुनाव लड़ने वाली पूर्व मेयर अनु चतरथ पार्टी से किनारा कर गई है। इसलिए अब दूबे के कांग्रेस में शामिल होने से उन्हें टिकट का दावेदार भी बताया जा रहा है।
इस मौके पर दीपा असधीर दुबे ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कांग्रेस की नीतियों की सराहना की। दोनों ही नेताओं ने भाजपा के सभी पदों व पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा है कि वे बगैर किसी शर्त के कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर दीपा असधीर दुबे ने कहा है कि वे असीमानंद केस में वकील है और अगले सुनवाई के दौरान वे अपनी पावर आफ अटार्नी को वापस ले लेंगी।