सुनील जाखड़ ने कहा है कि भगवंत मान भी चन्नी सरकार के रास्ते पर ही जा रही है। दोनों सरकारों के कामकाज के तौर तरीके में बहुत समानता है।जाखड़ ने मंगलवार को ट्वीट किया कि चन्नी सरकार की तरह मान सरकार ने भी पहले डीजीपी को हटाया और अब एजी को। उन्होंने लिखा कि एकसमान पटकथा लिखी जा रही है, बस अदाकार बदल गए हैं।
मुख्यमंत्री को कठपुतली की तरह नचाने वाले, पहले हरीश (चौधरी) थे और अब राघव चड्ढा हैं। जाखड़ ने ट्वीट किया कि हर हालत में, भुगतना तो पंजाब को पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था, जिन्होंने सबसे पहले उस डीजीपी को हटाया, जिनकी नियुक्ति कैप्टन ने की थी।
इसके बाद उन्होंने पंजाब के तत्कालीन एडवोकेट जनरल को भी हटाकर पहले अपने पसंदीदा व्यक्ति को एजी लगाया और बाद में नवजोत सिंह सिद्धू के दबाव में उसे भी हटाकर सिद्धू की पसंद के व्यक्ति को एजी लगाया। जाखड़ का कहना है कि इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भगवंत मान ने भी मुख्यमंत्री पद संभालते ही डीजीपी को हटाया और उसके बाद अब एजी को भी हटा दिया है।
एचएसजीपीसी अध्यक्ष ने घई की नियुक्ति का किया विरोध
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष बाबा बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा है कि बरगाड़ी बेअदबी मामले में मुख्य आरोपी डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम और उनके अनुयायियों के वकील विनोद घई को नया एडवोकेट जनरल बनाना सिख पंथ विरोधी फैसला है। सभी सिख सरकार के इस फैसले का विरोध करेंगे। दादूवाल ने कहा कि सभी सिख जत्थेबंदियों को एक मंच पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बेअदबी के मामलों में न्याय का वादा कर सत्ता में आई थी लेकिन अब वादे से भागकर अलग रास्ता अपना लिया है। इसे सहन नहीं किया जाएगा।
वरिष्ठ अफसरों को बार-बार हटाने से प्रशासनिक अस्थिरता पैदा होगी: वड़िंग
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार की प्रशासनिक अनिश्चितता और अस्थिरता का वातावरण पैदा करने को लेकर निंदा की है। एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए वड़िंग ने कहा कि ऐसे वरिष्ठ पदों पर बैठे व्यक्तियों का बार-बार बदले जाना राज्य के लिए अच्छा नहीं है। जब कोई अधिकारी खुद को पद पर सेटल समझता है तो सरकार उसी वक्त यह सुनिश्चित करती है कि वह सेटल नहीं है।