कांग्रेस से अलग होकर भाजपा के बैनर तले आयोजित रैली में जेपी दलाल ने पूर्व सांसद श्रुति चौधरी द्वारा धोखेबाज बताने पर कड़ा एतराज जताया।
जोशीले व भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि मैंने बंसीलाल परिवार के लिए पसीना बहाया है, धोखा नहीं किया। सीने में 40 सालों के राज दफन है लेकिन खोलूंगा नहीं। किरण, श्रुति पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय था जब कोठी पर ईमानदारी चलती थी, आज शराब तथा दूसरे ठेकेदारों की चलती है।
रविवार को बहल कस्बे की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प रैली में जेपी दलाल ने कहा कि बेहतर यही है कि वे (किरण-श्रुति) मर्यादित भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि कहने को उनके पास भी बहुत कुछ है, लेकिन वे उनके बारे में कुछ नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं किसी लोभवश भाजपा में नहीं गया बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर गया हूं।
वैसे भी मैंने बंसीलाल परिवार का हर मुश्किल में साथ दिया। चाहे कहीं गोली चली, कहीं लड़ाई हुई या फिर जब भी कोई चुनाव हुआ, तो हमेशा जेपी ही आगे रहा। फिर, मैंने ऐसा क्या किया कि मैं धोखेबाज हुआ।
उन्होंने कहा कि उनको पिछले चुनावों की हार का कोई मलाल नहीं है, क्योंकि उनको लोहारू हलके में कार्यकर्ताओं के बड़े परिवार का प्यार मिला है। पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनावों में जिस तरह से नरेंद्र मोदी को लोगों ने समर्थन देकर देश का प्रधानमंत्री बनाया, उसी प्रकार से प्रदेश के चुनावों में भाजपा को साथ देने का काम करें। रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि एक समय में जो नेता हविपा में थे, वो आज सारे भाजपा में आ गए है। इसलिए, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है।
इस अवसर पर फिल्म कलाकार अनूप तंवर, भाजपा नेता रामचंद्र जांगड़ा, दीवान सिंह फौगाट, दलबीर गांधी, भागीरथ जांगड़ा, सुरेंद्र अहलावत एडवोकेट, दिनेश महमिया, रोहित दलाल, आशीष दलाल, विजय फौगाट, गुलशन भ्याना, रवि गट्टानी, विजेंद्र सहारण, राजेंद्र कोठारी, रोहताश श्योराण सहित हजारों कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।