कहा - सुरजीत कौर द्वारा बनाए गए फर्जी एससी सर्टिफिकेट की जांच की जाए
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रधान एसआर लद्दड़ ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, चुनाव आयोग और पंजाब सरकार को शिकायत भेजकर शिअद की उम्मीदवार सुरजीत कौर के जाति प्रमाण पत्र की जांच करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उनका आरोप है कि जालंधर वेस्ट की सीट रिजर्व है जबकि सुरजीत कौर दलित समुदाय से नहीं है। जालंधर डिवीजनल के पूर्व कमिश्नर भाजपा नेता सुच्चा राम द्वारा भेजी गई शिकायत में कहा कि चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है इसलिए सुरजीत कौर द्वारा बनाए गए फर्जी एससी सर्टिफिकेट की जांच की जाए और फर्जी सर्टिफिकेट बनाने के आरोप के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।
चुनाव के दौरान जब शिरोमणि अकाली दल ने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा की तो राजपूत (सिरकीबंद) समुदाय के लोगों ने प्रेस कांफ्रेंस की और सुरजीत कौर के पक्ष में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सिरकीबंद राजपूत पंजाब की एक जाति नहीं है और भारत सरकार द्वारा 39 अनुसूचित जातियों में अधिसूचित नहीं है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 5 जनवरी 2021 को एक फैसले के तहत गांव आलमपुर (पटियाला) के राजपूत सिरकीबंदों के 6 प्रमाणपत्र रद्द कर दिए थे। इसी तरह, राजपुरा के पास एक गांव की लड़की रवजीत कौर, जो एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थी, को नकली सिरकीबंद-राजपूत प्रमाणपत्र होने के कारण कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया था।
जिक्रयोग है कि सुरजीत कौर अकाली दल की उम्मीदवार थी लेकिन बाद में पार्टी ने उससे समर्थन वापस ले लिया था और बसपा को दे दिया था। वहीं, सुरजीत कौर की तरफ से अकाली नेता सुखमिंदर राजपाल का कहना है कि सुरजीत कौर दलित हैं और इसके सबूत वह जांच में पेश करेंगी।