विधानसभा का नया भवन जरूर बनेगा : मनोहर लाल
कोर ग्रुप की बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी पहुंचे। बैठक के बाद उन्होंने कहा- हरियाणा विधानसभा का नया भवन बनना है उसमें किसी तरीके के टकराव की बात नहीं होगी। यूटी के साथ एक प्रक्रिया है उस को पूरा किया जा रहा है। हरियाणा को विधानसभा भवन की जरूरत है और उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। परिसीमन के बाद नई विधानसभा बननी है, इसलिए नया विधानसभा भवन की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला में चंडीगढ़ को जमीन देने का सहमति से करार हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब चाहे तो वह भी इस तरह का कोई एग्रीमेंट कर सकता है इससे हमें कोई आपत्ति नहीं है। इस दौरान उन्होंने कहा- स्मार्ट मीटर पहले सरकारी बिल्डिंगों व सरकारी कर्मचारियों के घरों से की जाएगी। इसके बाद बड़े लोड के मीटरों को प्रीपेड मीटर के रूप में शुरू किया जाएगा।
सदस्यता अभियान के बाद बूथ व मंडल के होंगे चुनाव : पुनिया
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी ने जो चुनाव से पहले संकल्प पत्र दिया था उसे आने वाले समय प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। बैठक में विधायकों व कार्यकर्ताओं ने जो सुझाव दिए हैं, उन्हें अमल में लाया जाएगा। सदस्यता अभियान के बाद बूथ, मंडल, जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव होंगे। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बैठकों में विधायकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी बातें रखी हैं जिन पर अमल किया जाएगा।