दो सत्रों में हुई भाजपा की बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं को निष्ठा और अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया गया। सह प्रभारी बिपल्ब देब ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि हाथ उठाकर बताओ कि तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनानी है या नहीं। इस पर सभी कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ उठाकर हामी भरी।
वहीं, इसके बाद देब ने कहा कि ये भी हाथ उठाकर कहो कि हम टिकट नहीं मांगेंगे और जिसको टिकट पार्टी देगी, वह मंजूर होगा। इस पर मात्र कुछ ही कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाए। देब ने समझाया कि पार्टी ही सबकुछ है और ये देखें कि जब वह पार्टी में आए थे तो क्या थे और जो रुतबा मिला है वो पार्टी के चलते ही मिला है। इसलिए आपस में मनमुटाव नहीं रखना है और कोई नाराजगी नहीं करनी है।