भाजपा कोर कमेटी की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, संजय टंडन एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। इससे बैठक में हंगामा हुआ। संगठन मंत्री अजय जमवाल के नेतृत्व में रविवार को सेक्टर-37 के पंजाब भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें जैन और धवन ने पूर्व पार्षद एवं कालोनी सेल के संयोजक अनिल दुबे को पार्टी की ओर से भेजे गए नोटिस पर आपत्ति जताई।
इस पर टंडन गुट ने कहा कि दुबे को समर्थन की घोषणा करने से पहले पार्टी अध्यक्ष की सहमति लेनी चाहिए। मालूम हो कि अनिल दुबे को पार्टी ने हाल ही में नोटिस जारी कर कारण स्पष्ट करने के लिए कहा है।
अनिल दुबे ने पिछले सप्ताह कालोनी सेल की ओर से एकता समिति के प्रदर्शन को समर्थन देने की घोषणा की थी। एकता समिति पुनार्वास योजना के तहत धनास में बने फ्लैटों पर अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करेगी।
बैठक में संगठन मंत्री अजय जमवाल ने सभी को गुटबाजी खत्म करके एकता दिखा कर कांग्रेस का मुकाबला करने की नीसहत दी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी नगर निगम में शामिल होने वाले 12 गांवों के प्रस्ताव का विरोध करेगी। धवन और जैन ने भाजपा अध्यक्ष की कारगुजारी को लेकर असंतोष व्यक्त किया। मालूम हो कि जैन, धवन और टंडन तीनों ही लोकसभा चुनाव में पार्टी की ओर से टिकट के उम्मीदवार हैं। वहीं, भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन का कहना है कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। भाजपा ही अगला लोकसभा चुनाव जीतेगी।