भाजपा में शामिल होने के बाद सूफी गायक हंसराज हंस ने मंगलवार को पहला चुनावी कार्यक्रम सेक्टर-30 में भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी के समर्थन में किया। इस समारोह को करने के लिए मंदिर के सामने वाली सड़क भी आवाजाही के लिए बंद कर दी गई।
इस मौके पर हंसराज हंस ने कहा कि वह पीएम मोदी से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं। उन्होंने दिल टोटे टोटे हो गया गाना भी गाकर सुनाया। हंस ने कहा कि वह पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ें या नहीं लेकिन वह भाजपा के लिए प्रचार जरूर करेंगे।
भाजपा में शामिल होने से पहले उन्होंने कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह को बता दिया था। उन्होंने कहा कि कैप्टन उनके बड़े भाई हैं और उनका सम्मान दिल में हमेशा ही रहेगा।
सड़क बंद करने पर सवाल उठाया
हंसराज हंस
- फोटो : अमर उजाला
हंसराज हंस ने कहा कि मोदी की नोटबंदी के फैसले से वह काफी प्रभावित हैं। यह दिक्कत सिर्फ एक और दो माह ही रह गई है। मोदी ने देश के लिए अपना घर छोड़ा। वह मोदी की पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक के लिए बब्बर शेर कहा।
भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी ने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार वार्ड के मुद्दों पर बात न करके लोकल और बाहरी उम्मीदवार पर हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान और बांग्लादेश से नहीं आए हैं वह इस शहर के ही निवासी है और वार्ड की समस्याओं को भलीभांति जानते हैं।
इस मौके पर सांसद किरण खेर, भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन, पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, पार्षद सतिंदर सिंह, राजेंद्र कौर रत्तू और सतप्रकाश अग्रवाल भी मौजूद थे।
सड़क बंद करने पर सवाल उठाया
कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र सिंह बबला ने भाजपा के इस कार्यक्रम पर सवाल उठाया है। यह समारोह मंदिर के सामने किया गया, जिस कारण सड़क को भी बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इसकी मंजूरी भी नहीं ली गई है। भाजपा नियमों की धज्जियां उड़ा रही है।