भाजपा को प्रदेश से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए जनता तैयार – दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि आज इंडियन नेशनल लोकदल की विचारधारा केवल भाजपा को ताकत देने वाली ही रह गई है, क्योंकि इस चुनाव में भाजपा और इनेलो का गठजोड़ साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा-इनेलो ने उम्मीदवारों का चयन एक-दूसरे को फायदा पहुंचाने के इरादे से किया है। दुष्यंत ने कहा, भाजपा ने सिरसा में कमजोर उम्मीदवार उतारे हैं और उसके बदले में इनेलो पूरे प्रदेश में भाजपा की मदद कर रही है। शुक्रवार को दुष्यंत चौटाला उचाना में चुनाव प्रचार के दौरान प्रेसवार्ता में सवालों के जवाब दे रहे थे। इससे पहले पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी भाजपा-इनेलो के गठजोड़ का आरोप लगा चुके हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा, इनेलो पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की विचारधारा को कमजोर करने में लगी हुई है। कहा, इनेलो नेता पहले कहते थे कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार उचाना से होगा, लेकिन इनेलो मैदान छोड़कर भाग गई।
भाजपा से ज्यादा कांग्रेस में आंतरिक कलह
एक सवाल के जवाब में कहा, कांग्रेस की ओर से टिकट वितरण के बाद कांग्रेस से जुड़े कई पूर्व मंत्री और विधायक बतौर आजाद उम्मीदवार अपना पर्चा भर चुके है, जो कि दर्शाता है कि भाजपा से ज्यादा कांग्रेस में आंतरिक कलह है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में त्रिकोणीय मुकाबले के पूरे आसार दिख रहे हैं और इसमें जजपा की चाबी विधानसभा का ताला खोलने का काम करेगी।