सुखना लेक की बत्तख में बर्ड फ्लू मिलने के बाद शहरवासियों को बचाने के लिए चंडीगढ़ हेल्थ प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जीएमएसएच-16 में आइसोलेशन वार्ड व स्क्रीनिंग एरिया बनाया गया है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने जयपुर स्थित एक केमिस्ट शॉप से बर्ड फ्लू में कारगर दवा टेमीफ्लू भी काफी मात्रा में खरीद ली है। शुक्रवार तक इसकी खेप चंडीगढ़ पहुंच जाएगी। वहीं, डाक्टरों को ट्रेनिंग देने का काम भी शुरू हो चुका है। फिलहाल अब तक किसी व्यक्ति में बर्ड फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले हैं।
मरीज को आइसोलेट कर रोकेंगे संक्रमण
डाक्टरों ने बताया कि यदि बर्ड फ्लू के लक्षण वाला कोई व्यक्ति आता है तो सबसे पहले उसका सैंपल लेकर दिल्ली स्थित नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल में भेजा जाएगा। साथ ही मरीज को दवा देकर आइसोलेट कर दिया जाएगा, ताकि यह दूसरे पेशेंट में न फैले। दवा की मदद से इसे आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।
वाइल्ड लाइफ के 18 कर्मियों के सैंपल लिए
सुखना लेक से मरी बतखों को उठा रहे वाइल्ड लाइफ के 18 कर्मचारियों के भी हेल्थ डिपार्टमेंट ने सैंपल लेकर उन्हें घर पर बैठा दिया है। उन्हें दवा भी दी गई है। डाक्टरों के अनुसार, अब तक उनमें बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं। फिर भी उन्हें ‘सर्विलांस’ में रखा गया है, ताकि किसी में कोई लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार किया जा सके।