उन्होंने बताया कि नई खनन नीति के जरिए मुख्यमंत्री को अंतरराज्यीय वाहनों पर रायल्टी तय करने का अधिकार दिया गया और इस खाते से एकत्रित अधिकांश फंड राज्य के खजाने के बजाय सीधे आप की झोली में जा रहा है। मजीठिया ने कहा कि रेत-बजरी से भरे 2000 से अधिक ट्रक पड़ोसी राज्यों से पंजाब आते हैं। उनसे मिलने वाली रायल्टी का कम से कम आधा हिस्सा ‘आप’ की ओर से हड़प लिया जाता है।
मजीठिया ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि मान सरकार पंजाब के खजाने की कीमत पर आप के चुनाव अभियानों के लिए पैसा इकट्ठा कर रही है। अकाली नेता ने कहा यही कारण है कि आप सरकार जानबूझकर पिछले 11 माह से खनन नीति नहीं लेकर आई।
दो खनन ठेकेदारों पर आप सरकार मेहरबान
मजीठिया ने दावा किया कि दो खनन माफिया सरगना राकेश चौधरी और अशोक चांडक को आप के लिए पैसा एकत्र करने के मकसद से पंजाब में खनन का प्रभार दिया गया। उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर, 2022 को मोहाली और रोपड़ जिलों में रेत खनन के चौधरी के अनुबंध को खत्म करने के बाद आप सरकार ने इस साल 27 जनवरी को उन्हें वही जोन देकर अनुबंध रिन्यू कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह अनुबंध रोपड़ जिले में चौधरी के खिलाफ चार मामले दर्ज होने के बावजूद किया गया। मजीठिया ने कहा कि दूसरे ठेकेदार अशोक चांडक, जो कांग्रेस आलाकमान के बेहद करीबी थे, का भी पिछले साल 21 दिसंबर को अनुबंध समाप्त कर दिया गया था लेकिन 31 जनवरी को उनका अनुबंध भी रिन्यू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चांडक को लुधियाना, जालंधर और नवांशहर के वही इलाके दिए गए, जहां से वह पहले कांग्रेस कार्यकाल के दौरान रेत का खनन करता था।