हरियाणा के सोनीपत जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। रोहतक रोड फ्लाईओवर के पास खाटू श्याम मंदिर के निकट कैंटर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई और तीसरा साथी घायल हो गया। उनके परिवार के व्यक्ति ने हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने व्यक्ति के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। सिक्का कॉलोनी स्थित गोसाई वाली गली निवासी अमर सिंह ने बताया कि वह 14 अगस्त की रात को करीब दस बजे कालूपुर चुंगी के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में पूजा करने आया था।
वह मंदिर में पूजा कर बाहर आया तो उनके परिवार के सतीश उर्फ कर्ण, सन्नी और सुनील बाइक पर मिल गए। बाइक को सतीश चला था। वह उससे मिलकर कुछ आगे गए तो आईटीआई की तरफ से तेज रफ्तार में आए कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह तीनों को कुचलता हुए आगे भाग गया।
बाद में चालक कैंटर को कुछ आगे छोड़कर भाग निकला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में सन्नी और सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। सतीश बुरी तरह से घायल हो गया। इतना ही नहीं कैंटर की टक्कर से उनकी बाइक में भी आग लग गई। जिससे बाइक भी जल गई।