खन्ना के भुमद्दी गांव में 40 साल की विधवा जसवीर कौर की हत्या की साजिश उसकी सास ने ही रची थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला सरकारी कर्मचारी है। डीएसपी राजन परमिंदर सिंह और एसएचओ सदर बलजिंदर सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जसवीर कौर की सास हरजिंदर कौर ने ही अपनी बहू के कत्ल की साजिश रची थी।
आरोपी महिला को शक था कि उसके बेटे अवतार सिंह ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि जसवीर कौर ने उसकी हत्या की थी। अवतार सिंह की मौत 2018 में दिवाली वाले दिन हुई थी। वह अपने बेटे की मौत का बदला लेना चाहती थी। इसके लिए उसने अपने जीजा बेअंत सिंह को हत्या करने की सुपारी दी।
बेअंत ने जसवीर सिंह निवासी मियांपुर और गुरप्रीत सिंह जग्गी निवासी शमशपुर को इस काम के लिए तैयार कर पैसे भी दिए। दोनों ने शनिवार को जसवीर कौर के घर पहुंचकर उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों से अवैध पिस्तौल भी बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान हरजिंदर कौर, उसके जीजा बेअंत सिंह, जसवीर सिंह और गुरप्रीत सिंह जग्गी के तौर पर हुई है।