पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। गुरुवार को जब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल बठिंडा जिले के गांव घुद्दा स्थित अकाली वर्कर के पेट्रोल पंप पर आए थे तो वहां ड्यूटी में तैनात थाना नंदगढ़ के प्रभारी सब इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह का एक साथी सरकारी रिवाल्वर लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के कमरे में चला गया।
बादल की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी हरमीक सिंह दयोल ने पाली नामक इस व्यक्ति को रिवाल्वर समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसएसपी नानक सिंह ने थाना नंदगढ प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। खास बात यह है कि रिवाल्वर समेत बादल के कमरे से पकडे़ गए पाली पर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारी हरमीक सिंह दयोल ने बताया कि गुरुवार को अपने दौरे के तहत बादल अकाली नेता के पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे।
पंप पर बने रेस्ट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री को ठहरा दिया गया। इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी कमर में रिवाल्वर लगाकर कमरे के अंदर घुस आया। उसे संदिग्ध मानते हिरासत में लिया तो पता चला कि उसका नाम पाली है। वह थाना नंदगढ प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह का लांगरी (खाना बनाने वाला) है। जांच में पाया कि पाली से बरामद रिवाल्वर भूपिंदर सिंह का है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि रिवाल्वर गाड़ी में था और ऐसा कोई मामला नहीं हुआ। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें लाइन हाजिर क्यों किया गया, इस पर उन्होंने फोन काट दिया। एसएसपी नानक सिंह से बात करने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। उल्लेखनीय है पूर्व मुख्य मंत्री प्रकाश सिंह बादल को कुछ समय पहले एक युवक ने मारने की योजना बनाई थी। उसे उत्तर प्रदेश पुलिस ने पकड़ लिया था। इसके बाद कैप्टन ने बादल की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया था।