सदी के नायक अमिताभ बच्चन के नाम पर लाखों की ठगी के बाद अब गृहमंत्री राजनाथ सिंह के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। फेज-69 निवासी एस संधू ने आरोप लगाया है कि दंपति सोनिया और जतिन देव ने उनसे कनाडा की पीआर दिलाने के नाम पर करीब 18 लाख रुपये की ठगी कर ली।
संधू की शिकायत पर फेज-8 थाने में आरोपी दंपति के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 और 24 इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएचओ पवन कुमार ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है। संधू के अनुसार, सोनिया और जतिन देव से वह अपने एक दोस्त के माध्यम से मिले थे। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें अपनी ऊंची पहुंच के बारे में बताया। साथ ही दंपति ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कपिल सिब्बल व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल के साथ अपनी फोटो दिखाई।
शिकायतकर्ता को आरोपियों ने झांसा दिया कि वह उन्हें पीआर दिलाने का काम आसानी से करवा देंगे। वह दंपति के झांसे में आ गए और कनाडा भेजने के नाम पर करीब 18 लाख की पेमेंट कर दी। पीड़ित का कहना है कि पेमेंट लेने के बाद आरोपियों के फोन बंद हो गए, इससे वह परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी के पास कई नामी अखबारों के आईकार्ड भी थे।