सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के नाम पर एक दंपती ने ट्राइसिटी के कॉलेजों और लोगों से लाखों की ठगी की है। आरोप है कि दंपती ने लोगों को अमिताभ के साथ फिल्म में काम दिलाने का ऑफर दिया। साथ ही, अमिताभ द्वारा अपने पिता पर लिखी एक किताब का विमोचन करवाने और इंटरेक्शन के नाम पर ठगी की। इस धोखाधड़ी में एक्सिस बैंक का मैनेजर भी उनका मददगार था।
अब तक 40 लाख से अधिक की ठगी का खुलासा हो चुका है और पुलिस को शिकायतें मिलने का सिलसिला जारी है। चंडीगढ़ सेक्टर-48 निवासी डॉ. दीप्ति की शिकायत पर थाना सिटी खरड़ पुलिस ने हैरी भट्ट उर्फ अविनाश भट्ट, उर्फ भाई वैद्य, पत्नी डॉली भट्ट, एक्सिस बैंक के मैनेजर योगेश गोयल समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
खुद को महेश भट्ट का भतीजा बताया
पुलिस को दी शिकायत में डॉ. दीप्ति ने बताया कि वह एक बार जेडब्ल्यू मैरियट होटल में किसी प्रोग्राम में शामिल होने गई थीं। वहां पर उन्हें हैरी भट्ट नामक एक व्यक्ति मिला। उसने खुद को फिल्म निर्देशक महेश भट्ट का भतीजा बताया और कहा कि वह भी फिल्म डायरेक्टर है। वह एक पंजाबी फिल्म ‘एक दूजे के वास्ते’ बना रहा है। इसमें अमिताभ भी गेस्ट रोल में हैं। वह दीप्ति को हार्ट सर्जन का रोल देगा। फिल्म की आधी शूटिंग हो चुकी है। इसके लिए उसने उनके साथ एमओयू साइन किया था।
'अमिताभ ने लिखी किताब, कॉलेजों में करवाने हैं प्रोग्राम'
- फोटो : File Photo
अमिताभ ने लिखी किताब, कॉलेजों में करवाने हैं प्रोग्राम
इसी बीच आरोपी ने दीप्ती को बताया कि बिग बी अपने पिता पर एक किताब लिखी है। उसकी योजना इलाके के नामी कॉलेजों में कार्यक्रम करवाने की है, इसमें बिग बी भी शामिल होंगे। इसके अलावा किताब रिलीज के बाद वह स्टूडेंट्स से इंटरेक्शन भी करेंगे। आरोपी ने उनसे कहा कि वह विभिन्न संस्थानों से उसका टाइअप करवा दें। आरोपी ने चंडीगढ़ सेक्टर-10 स्थित एक नामी कॉलेज, राजपुरा की एक नामी यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थानों से टाइअप कर उन्हें शिकार बनाया।
कॉलेजों से ठग लिए 40 लाख
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़, राजपुरा और मोहाली जिले समेत कई कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में उसने अमिताभ के प्रोग्राम तय कर दिए थे। इसके अलावा उसने कहा कि बिग बी की जेड प्लस सिक्योरिटी है। इसके अलावा कई अन्य खर्च होंगे। ऐसे में उसने प्रत्येक कॉलेज से पांच से आठ लाख तक लिए थे, लेकिन प्रोग्रामों की बुकिंग ही फर्जी थी।
पुलिस ने लगा दिया रूट, डीएसपी तक थे तैनात
पता चला है कि डेराबस्सी के पास स्थित एक नामी इंजीनियरिंग कॉलेज में भी आरोपी ने प्रोग्राम तय करवा दिया था। कॉलेज में पुलिस ने अमिताभ के आने के मद्देनजर रूट लगा दिया था। इसके अलावा डीएसपी स्तर के अधिकारी इस रूट की निगरानी कर रहे थे। वहीं, कॉलेज में सैकड़ों लोग भी पहुंच गए थे। इसके बाद जब बिग बी नहीं आए तो लोगों को निराश होकर वापस जाना पड़ा। इसी बीच आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गया।
खरड़ में खोला था दफ्तर
- फोटो : DEMO Pic
बिग बी के लिए बुक कर लिया कारों का काफिला
आरोपी पर किसी को संदेह न हो, इस बात का उसने पूरा ख्याल रखा था। अमिताभ बच्चन के लिए उसने गाड़ियों का एक काफिला बुक किया था। वहीं, गाड़ी वालों से कहा था कि उनसे बाद में भी काफी काम लिया जाएगा। इसके लिए उसने बुकिंग राशि के रूप में करीब 24 लाख रुपये लिए थे, लेकिन किसी को भी उसने भुगतान नहीं किया। इसके अलावा कैटरिंग वाले को भी उसने शिकार बनाया।
खरड़ में खोला था दफ्तर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का खरड़ में एक आफिस था। वहीं से वह काम करता था। इसके अलावा उसने खरड़ में घर लिया था।
आठ अन्य लोगों ने दी शिकायत
थाना सिटी खरड़ में आरोपियों के खिलाफ आठ अन्य लोगों ने भी शिकायतें दी हैं। इसकी पुष्टि एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने की है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में उसके खिलाफ शिकायतों की संख्या और बढ़ेगी।