हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार को उसके चुनावी वायदे याद दिलाने, बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने, धान घोटाले की जांच हाईकोर्ट के न्यायाधीश से कराने, प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए कांग्रेस अगले बजट सत्र के पहले दिन हरियाणा विधानसभा का घेराव करेगी।
अपने आवास पर शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार को लगभग सवा साल का समय हो गया है, लेकिन अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए 154 वायदों में से एक भी पूरा नहीं किया है। बिजली की दरों में अंधाधुंध बढ़ोतरी की गई है। बिजली के भारी भरकम कट लग रहे हैं, बावजूद इसके सरकार बिजली को सरप्लस बताकर झाड़ली और दादरी थर्मल प्लांटों की बिजली को सरेंडर कर रही है।
सवाल उठाया कि बिजली सरप्लस है तो कट क्यों लग रहे हैं। कहा कि पहले गिरदावरी और अब धान घोटाले ने किसानों को आर्थिक तौर पर झकझोर दिया है। सरकार बताए कि जींद के गढ़वाली और खरैन्टी गांव में गिरदावरी घोटाले के दस्तावेजी सबूत आने पर भी दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। इन दो गांवों में 200 एकड़ भूमि पर सिंचाई विभाग ने तो धान बोया जाना बताया लेकिन मुआवजा कपास के लिए जारी किया गया।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल (इनेलो) अब सरकार का सहयोगी दल बन चुका है, इसलिए कांग्रेस को ही जनता की आवाज उठानी होगी। विधानसभा के घेराव के लिए उन्होंने सभी कांग्रेस विधायकों से बातचीत कर ली है और सभी विधायक इसके लिए सहमत हैं। सदन के भीतर कांग्रेस कैसे आवाज उठाएगी, इस सवाल पर हुड्डा ने कहा कि अगर सरकार चाहेगी तो सदन चलने दी जाएगी।
सिंबल नहीं तो भाजपा चाहे सभी को अपना प्रत्याशी कहे :
पंचायत चुनाव नतीजों पर भाजपा की ओर से 70 फीसदी सीटें जीतने का दावा किए जाने के बारे में हुड्डा ने कहा कि पंचायत चुनाव भाईचारे के चुनाव होते हैं। किसी भी पार्टी ने यह चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ा। ऐसे में भाजपा चाहे तो 100 फीसदी प्रत्याशी अपने बताए, क्या फर्क पड़ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इतना बड़ा दावा कर रही है, तो उसे सिंबल पर चुनाव लड़ना चाहिए था।
प्लाट आवंटन मुद्दे पर किसी ने संपर्क नहीं किया :
पूर्व सीएम के हुडा प्लाट आवंटन मामले में जारी जांच के बारे में उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। सीएलयू सीडी कांड में पांच विधायकों पर एफआईआर के मामले में पूर्व सीएम ने कहा कि केवल एफआईआर दर्ज होने से कोई अपराधी नहीं हो जाता। सरकार इस मामले में जांच करना चाहती है तो करती रहे। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी विफलता छुपाने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है।
प्रदेश में निवेश का माहौल बनाए सरकार :
हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर पिछले साल कनाडा गए थे। 10 हजार करोड़ के निवेश का उन्होंने दावा किया था, लेकिन आरटीआई से मिला जवाब कुछ ओर हकीकत बता रहा है। प्रदेश में निवेश हो, इससे उन्हें भी प्रसन्नता होगी क्योंकि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को इसके लिए माहौल बनाना होगा।
2005 से 2010 के बीच जापान से 70 फीसदी निवेश हरियाणा में हुआ था, लेकिन आज प्रदेश का माहौल वैसा नहीं रह गया है। पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि मुख्यमंत्री खट्टर ने चीन जाकर सच बोला कि हरियाणा कई सालों से नंबर वन है।