हरियाणा सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को चार वर्षों की खेल उपलब्धियों के आधार पर भीम पुरस्कार प्रदान करेगी। इसके लिए सरकार ने आवेदन मांगे हैं। इच्छुक खिलाड़ी 15 अगस्त 2020 तक अपने जिले में खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट www.haryanasports.gov.in से डाउनलोड करने के अलावा किसी भी कार्य दिवस को कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
2017-18 के भीम पुरस्कार के लिए केवल नेत्रहीन व बधिर खिलाड़ी ही आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहली अप्रैल 2013 से 31 मार्च 2017 के बीच की उपलब्धियों को आधार माना जाएगा। अन्य खिलाड़ियों को 2018-19 के भीम पुरस्कार के लिए पहली अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2018 के बीच की उपलब्धियों, 2019-20 के भीम पुरस्कार के लिए पहली अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2019 के बीच की उपलब्धियों व 2020-21 के भीम पुरस्कार के लिए पहली अप्रैल 2016 से 31 मार्च 2020 के बीच की खेल उपलब्धियों के आधार पर आवेदन करना होगा।
15 अगस्त के बाद किसी खिलाड़ी का आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन के साथ खेल उपलब्धियों की सत्यापित प्रतियां, राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने का प्रमाण-पत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक की कॉपी व पासपोर्ट आकार के तीन रंगीन फोटोग्राफ देने होंगे।