भारत बंद को लेकर पंजाब में आज स्कूल, बैंक, बसें और इंटरनेट बंद हैं। प्रदेश भर में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, पुतले भी फूंके गए। बंद के चलते पंजाब शिक्षा निदेशालय की मांग पर सीबीएसई ने पंजाब में आज होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं।
पंजाब में दलित प्रदर्शनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाइवे बंद कर दिया गया है। हाइवे पर जाम की स्थिति भी बनी हुई है। ट्रेनें भी रोक दी गई है। लोगों को एयरपोर्ट जाने नहीं दिया जा रहा है। शहर भर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
फिरोजपुर में दलित प्रदर्शनकारी डीआरएम ऑफिस में घुस गए और तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक पर खड़ी ट्रेन के शीशे तोड़ दिए। सड़क पर खड़ी कारों को भी नुकसान पहुंचाया। मंडी गोबिंदगढ़ में भी बंद का असर देखा जा रहा है।
बठिंडा में भी दलित प्रदर्शनकारी उग्र हो गए हैं। कई जगहों पर तोड़फोड़ की गई है, जिसके चलते पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। तरनतारन शहर पूरी तरह बंद है। दलित समुदाय के लोगों ने टोलियां बनाकर बाजारों में नारेबाजी की दलित समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला बनाकर उसकी जूतों से पिटाई करते हुए विभिन्न भागों से रोष रैली निकाली।
दलित संगठनों द्वारा दो अप्रैल को घोषित भारत बंद के मद्देनजर पंजाब सरकार ने जबरदस्त सुरक्षा और एहतियाती इंतजाम किए हैं। सूबे में रैपिड एक्शन फोर्स और बीएसएफ की चार-चार बटालियन तैनात की गई हैं। साथ ही बारह हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
सरकारी स्कूलों, बैंकों व वित्तीय संस्थाओं में छुट्टी रहेगी। सरकारी बसें नहीं चलेंगी। तीस घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद रहेंगी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में जारी आदेश के तहत एससी-एसटी (प्रिवेंशन ऑफ एट्रॉसिटीज) एक्ट के प्रावधानों को नरम करने के विरोध में दलित संगठनों ने दो अप्रैल को भारत बंद का एलान किया है।
32 फीसदी दलित आबादी के चलते पंजाब को काफी संवेदनशील माना जा रहा है। सरकार ने बेशक हाई अलर्ट घोषित नहीं किया है, लेकिन वैसे ही इंतजाम किए गए हैं। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।