पंजाब कला भवन में भगत सिंह प्ले का मंचन
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब कला भवन में चंडीगढ़ शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित नाटक भगत सिंह में शहीद-ए-आजम का देशप्रेम देखने को मिला। आर्ट थिएटर ग्रुप की ओर से इस नाटक का मंचन किया गया। सागर सरहदी द्वारा लिखित इस नाटक का हिन्दी रूपांतरण मनजीत भाटिया ने किया।
90 मिनट की अवधि वाले इस नाटक में जहां भगत सिंह के किरदार में निखिल ने दर्शकों को हंसाया वहीं देश भक्ति की बातों से दर्शकों को भावुक भी किया। नाटक के अंतिम दृश्य से सभी दर्शकों की आंखें नम हो गई, जब भगत सिंह अपनी मां को सपने में मिलता है और उसकी झोली में अपने देश की मिट्टी डालता है।
नाटक का निर्देशन करने वाले सुरंदर सैनी पिछले दस सालों से निर्देशक भूमिका में हैं। वह दिल्ली, हरियाणा, देहरादून में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। नाटक में भगत सिंह के रूप में निखिल, राजगुरु के रूप में नरेश ठाकुर, सुखदेव और सांडरस के रूप में मैक्स, भगत सिंह की मां के रूप में कोमल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा अनमोल, आकाश, मुकुल और मोहित के अभिनय को भी दर्शकों ने खूब सराहा।