आईपीएल के मैचों की जीत-हार पर मोटा सट्टा लग रहा है। सट्टे का कारोबार का संचालन दिल्ली से किया जा रहा है। हम आपको बताते हैं कि कैसे ये नेटवर्क चल रहा था और कैसे ऑपरेट होता था।
पुलिस ने सट्टोरियों के एक बड़े ग्रुप का पर्दाफाश कर 6 लोगों को धर दबोचा है। मौके से मिली डायरियों से खुलासा हुआ है कि 6 से ज्यादा लोगों का एक ग्रुप रोहतक व सांपला के 60 से 70 लोगों को सांपला से सट्टा खिला रहा था। पुलिस की मानें तो रेड करने तक आरोपी 2 लाख रुपये से ज्यादा का सट्टा लगा चुके थे।
बताया जा रहा है कि वर्ल्डकप में सट्टे के नुकसान के बाद आईपीएल में सट्टे के लिए सट्टेबाजों ने ये सब जाल बुना। खास बात यह है कि इन डायरियों में कई सफेदपोश नेताओं के नाम भी शामिल हैं।
6 डायरियां खोलेंगी राज: पुलिस को छापामारी के दौरान 6 डायरी भी मौके से मिली हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन डायरियों में सट्टेबाजों ने पूरा हिसाब लिखा हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी दिल्ली से सट्टे की लाइन लेते हैं। इनका 5-6 लोगों का ग्रुप है। यह ग्रुप ठिकाने तलाशता है और दिल्ली से सट्टा कारोबारियों से लिंक लेकर लोगों को सट्टा खिलवाता है। इसी ग्रुप ने रोहतक व सांपला में भी 60-70 लोगों से संपर्क बना रखा है। मौके पर मिली इन डायरियों में सभी के कांटेक्ट नंबर के साथ ही सट्टे पर लगाई राशि का भी हिसाब किताब है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आईपीएल से पहले वर्ल्ड कप में भी उन्होंने सांपला से ही सट्टा संचालित किया था। लेकिन, सट्टे में उन्हें लॉस हुआ। इसके बाद आईपीएल में सट्टा लगाने के लिए दूसरे स्थान की तलाश की। फतेहाबाद निवासी प्रदीप उर्फ दीपू का मेन कारोबार भी सट्टा लगाना ही है और उसके सहयोगी के रूप में दीपक भारद्वाज व संदीप की अहम भूमिका रहती है।
तीन दिन से लगा रहे थे सट्टा
आरोपियों ने माना है कि पकड़े गए सट्टेबाज पिछले तीन दिनों से संदीप के कार्यालय में ही बैठकर सट्टा खेल रहे थे। कोई व्यक्ति इस कार्यालय में प्रवेश न कर सके इसलिए उसके चारों ओर कंटीली तारें लगा रखी हैं।
ये है मामला; एसपी शशांक आनंद को शनिवार देर शाम सूचना मिली थी कि सांपला में सट्टेबाजी का खेल चल रहा है। एसपी ने एसटीएफ प्रभारी राकेश सैनी को छापामारी के निर्देश दिए। राकेश सैनी ने बताया कि टीम ने देर रात सांपला में काली मंदिर के पास एक नवनिर्मित कार्यालय पर छापामारी की।
मौके से सांपला के वार्ड 11 निवासी वीरेंद्र, सुरेश व दीपक, वार्ड 7 निवासी मनमोहन, वार्ड 8 निवासी संदीप और फतेहाबाद के वार्ड 15 निवासी प्रदीप उर्फ दीपू को काबू किया। संदीप सांपला नगर परिषद चेयरमैन का नजदीकी रिश्तेदारी में भांजा लगता है। मौके से 12 हजार 400 रुपये के अलावा 12 मोबाइल, लैपटॉप, 6 डायरियां, एलसीडी स्क्रीन और सेट टॉप बॉक्स बरामद किए गए हैं।
राकेश सैनी, एसटीएफ इंचार्ज, रोहतक ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने दो आरोपियों का एक दिन का रिमांड मंजूर किया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टे की 6 डायरियां मिली हैं। इन डायरियों से काफी महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं। जांच की जा रही है।