चंडीगढ़। सेक्टर-30 में तांत्रिक बनकर दो व्यक्तियों ने एनआरआई के घर से दस्तावेज चोरी कर वापस देने के एवज में उससे पांच तोले सोना और डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके लुधियाना निवासी जोगा सिंह (42) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा साथी गुरमुख सिंह फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-30/बी के नामधारी गुरुद्वारा निवासी हरमीत सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसे समराला में जोगा सिंह व गुरमुख सिंह मिले थे, जिन्होंने खुद को तांत्रिक बताया था। हरमीत ने उन्हें कहा कि विदेश में उसके बेटे सेटल नहीं हो रहे, तो उन्होंने कहा कि इसके लिए उपाय करने होंगे। इस झांसे में रखकर उन दोनों ने हरमीत का पासपोर्ट, यूएस ग्रीन कार्ड, घर के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज चुरा लिए।
आरोप है कि उन लोगों ने हरमीत से कहा कि वह पांच तोले सोना लेकर नंगल पहुंचे। उसे कहा गया कि कुछ सोना बहाना पड़ेगा जिससे उसकी सारी समस्या दूर हो जाएगी और बेटे विदेश में सेटल हो जाएंगे। उन दोनों के झांसे में आकर हरमीत सिंह ने उन्हें पांच तोले सोना दे दिया और जब हरमीत ने उनसे अपने दस्तावेज वापस मांगे तो दोनों ने दस्तावेज देने के एवज में डेढ़ लाख रुपये मांगे जो हरमीत ने उन्हें दे दिए। बाद में शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में दी।
शिकायत पर इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने उसके बयान दर्ज करके दोनों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए आरोपी जोगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे वीरवार को जिला अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है कि इससे पहले किन-किन लोगों को ठगा है।