चंडीगढ़। कोरोना वायरस संकट ने फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग का कामकाज ठप कर दिया है। इस उद्योग को पटरी पर लाने के लिए पंज-आब लाइन प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने शहर में शूटिंग फिर से शुरू करने के लिए एडवाइजर मनोज कुमार परिदा से अनुमति मांगी है।
पंज-आब लाइन प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के चेयरमैन लालजीत गिल, प्रेसिडेंट दर्शन औलख, महासचिव परवीन कुमार और कार्यकारिणी सदस्य मनीष वालिया ने यूटी सलाहकार मनोज कुमार परिदा से इस बारे मं मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर चंडीगढ़ में शूटिंग शुरू करने की मांग की। इस दौरान डीसी और नगर निगम के कमिश्नर भी वहां उपस्थित थे।
एडवाइजर को सौंपे ज्ञापन में एसोसिएशन के सदस्यों ने फिल्म और मनोरंजन उद्योग की गंभीर स्थिति से अवगत कराया और बताया कि यह आर्थिक संकट से जूझ रहा है। लालजीत गिल ने कहा कि मनोरंजन उद्योग को भारी परेशानी हो रही है और यह बहुत ही खराब स्थिति में पहुंच गया है। उद्योग से जुड़े कई दिहाड़ी मजदूरों का काम छिन गया है और कई ने मजबूरी में यह पेशा ही छोड़ दिया है। इन मुद्दों पर विचार करते हुए पंजाब सरकार ने पहले ही राज्य में शूटिंग की अनुमति दे दी है। ऐसे ही महाराष्ट्र, हरियाणा, गोवा, आदि राज्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में शूटिंग फिर से शुरू कर दी है, इसलिए चंडीगढ़ प्रशासन को भी अनुमति दे देनी चाहिए।