बीफ बैन का मामला अब पंजाब और हरियाणा तक पहुंच गया है। यहां भी मीट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन अलग तरीके से। पंजाब के लुधियाना में 17 सितंबर को मीट और अंडा नहीं बिकेगा, वहीं हरियाणा ने स्पष्इ किया कि 11 से 19 तक स्लॉटर हाउस बंद रहेंगे, लेकिन मीट की बिक्री जारी रहेगी।
लुधियाना में लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए ही यह फैसला किया है। इस दिन धारा 144 लागू रहेगी। इसके तहत मीट, अंडे की दुकानें, रेहड़ियां और बूचड़खाने बंद रखने के लिए कहा गया है। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी मीट, अंडे पकाने और सेवन पर मनाही रहेगी।
हरियाणा प्रदेश सरकार ने गत 26 अगस्त को इस संबंध में एक अपील जारी की थी। लेकिन शुक्रवार को राज्य में कई स्थानों पर मांस की दुकानों के मालिकों को नौ दिन दुकान बंद रखने के लिखित आदेश मिले तो मामले ने तूल पकड़ लिया था, जिसके बाद ये ऐलान किया गया।
पंजाब में कुछ राज्यों में मीट पर पाबंदी के विरोध के संबंध में भगवान महावीर सेवा संस्थान के प्रधान राकेश जैन ने कहा कि जैन पर्व पर दशकों से मीट पर प्रतिबंध लगता आ रहा है। इस बार मामले को बेवजह तूल देकर राजनीति हो रही है। लुधियाना में केवल एक दिन के प्रतिबंध की मांग की गई थी और प्रशासन ने इसे मान लिया है।
देश भर में किया जा रहा बीफ बैन
देशभर में गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में राज्य सरकारों ने, कहीं एक दिन तो कहीं दो दिन के लिए मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सभी जिला आयुक्तों, नगर निगम आयुक्तों और जिला परिषद अध्यक्षों को पत्र भेजकर स्लाटर हाउस मालिकों से नौ दिन बंद रखने के निर्देश भेजे थे, लेकिन अधिकारियों ने इसे सरकार का आदेश मानते हुए केवल स्लाटर हाउस ही नहीं अपने क्षेत्र में मांस की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया।
इस सिलसिले में फतेहाबाद और अंबाला में मांस की दुकानों को मालिकों को नोटिस भी जारी कर दिए कि वे नौ दिन तक अपनी दुकानें बंद रखें अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों के विरोध के कारण करना पड़ा ऐसा
नोटिस पर दुकानदार भड़क गए। विवाद गरमाने लगा तो राज्य सरकार ने दोपहर बाद एक बयान जारी कर साफ कर दिया कि राज्य में मांस की बिक्री पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। चार राज्यों में जारी है मांस की बिक्री पर रोकः जैन धर्म के पर्यूषण महापर्व के मौके पर भाजपा शासित चार राज्यों में मांस की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाई गई है।
हालांकि इस फैसले को लेकर चारों राज्यों में विवाद भी खड़ा हो गया है और मुंबई में सरकार के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। हरियाणा में भी शनिवार को विवाद गरमाने लगा था, लेकिन समय रहते सरकार ने फैसले को बदल दिया।
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर तक स्लाटर हाउस बंद करने और मांस की बिक्री पर रोक लगाई गई है, जबकि मुंबई में मटन विक्रेताओं व कई राजनीतिक दलों द्वारा फैसले के खिलाफ लामबंद होने के बाद प्रदेश सरकार ने प्रतिबंध को चार से घटाकर दो दिन कर दिया है।
राजस्थान सरकार ने प्रदेश में मांस व मछली की बिक्री पर 17, 18 और 27 सितंबर को प्रतिबंध लगाया है, जबकि गुजरात में एक हफ्ते तक गाय व बकरे काटने पर एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी गई है।