नए साल में शहर को केंद्र सरकार ने एक और सौगात दे दी है। सेक्टर-79 में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक कॉपरेशन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट के रीजनल सेंटर का नींव पत्थर रखा गया।
इस मौके मुख्य मेहमान केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ थी। साथ ही राज्य के सेहत व परिवार भलाई मंत्री सुरजीत कुमार ज्यानी हाजिर रहे।
इस मौके बताया कि रीजनल सेंटर केवल पंजाब ही नहीं बल्कि अन्य पड़ोसी राज्य हिमाचल, हरियाणा, जम्मू और चंडीगढ़ के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगा। यहां पर अफसरों और स्टाफ के लिए कई प्रकार के ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।
कृष्णा तीरथ ने बताया कि भारत सरकार का महिला और बाल विकास विभाग देश में महिला सशक्तिकरण और बाल विकास पर जोर दे रहा। इस विभाग द्वारा महिला व बाल विकास के लिए बहुत से प्रोग्राम चालू करके उनको अमलीजामा भी पहनाया गया है।
यह विभाग एक महत्वपूर्ण विभाग है जो कि विभिन्न योजनाओं, स्कीमों और नीतियों के माध्यम से देश में महिलाओं और बच्चों की देखभाल व सशक्तिकरण के लिए काम करता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही आईसीडीएस स्कीम बच्चों के विकास के लिए विश्व की सबसे बड़ी स्कीम है। जिससे महिला और बच्चों के पोषन, टीकाकरण, सेहत की देखभाल आदि सेवाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए दी जा रही है।
इसके अलावा इस स्कीम में और भी विस्तार किया गया है जिससे महिला व बच्चों को दी जाने वाली सेवओं को और बेहतर बनाया जा सकें। केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार का फ्री में जमीन देने के लिए धन्यवाद किया।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री ज्याणी ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान के मोहाली में बनाए जा रहे इस केंद्र के लिए पंजाब सरकार द्वारा मुफ्त जमीन मुहैया करवाई गई है।
यह केंद्र दो साल में बन कर तैयार हो जाएगा और इसके बनने से पंजाब और पड़ोसी राज्यों को भी फायदा होगा। संस्थान के डायरेक्टर दिनेश पाल ने मोहाली में बनाए जा रहे इस केंद्र के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस मौके पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन परमजीत कौर लांडरां, विभाग के प्रमुख सचिव जगपाल सिंह संधू, अजीत कौर मुल्तानी, एसके श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
ऐसी होगी रीजनल सेंटर की बिल्डिंग
सेक्टर-79 में जहां यह रीजनल सेंटर बनाया जाएगा। वह तीन हिस्सों में बनेगा। एक हिस्से में प्रशासनिक बिल्डिंग होगी।
इसमें अधिकारियों के ऑफिस, एकाउंट ऑफिस, चाइल्ड गाइडेंस सेंटर, कांफ्रेंस हॉल, लेक्चर हॉल व लाइब्रेरी बनेगी। दूसरे हिस्से में गेस्ट हाउस व हॉस्टल बनाया जाएगा। इसमें चार गेस्ट सूइट, ट्रेनी रूम, 100 आदमियों की क्षमता वाला डाइनिंग हॉल व किचन रहेगा।
जबकि तीसरे हिस्से में स्टाफ के रूम बनाए जाएंगे। इसमें टाइप-2, 3 और टाइप-चार फ्लैट्स बनाए जाएंगे। प्रशासनिक ब्लॉक व गेस्ट हॉस्टल दोनों में बेसमेंट रहेगी। वहीं, यह चार मंजिला होगा। साथ ही बिल्डिंग के पास हरियाली भी रहेगी।
दागी की परिभाषा बताए -आप
जब केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ से पूछा गया कि आप पार्टी ने दागी मंत्रियों लिस्ट जारी की है। तो उनका कहना था कि हमारे देश में सबको कहने का हक है। लेकिन फिर मैं पूछना चाहूंगी कि आखिरी दागी की परिभाषा क्या है। दागी कहने का अधिकारी उन्हें किसने दिया। वहीं, राहुल गांधी के बयान पर कुछ भी बोलने से परहेज किया।