पानी की मांग को लेकर आपने कई प्रदर्शन देखें होंगे, लेकिन प्रशासन को नींद से जगाने के लिए एक शख्स ने ऐसा रास्ता चुना जिसे देख सब हैरान रह गए। मोगा के बहोना गांव के सरपंच ने गांव में पानी की टंकी चालू ने करवाने के रोष में वीरवार दोपहर बाद अपनी दाढ़ी काटकर डीसी दफ्तर के कमरे के आगे टांग दी। इससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वीरवार को भी सरपंच ने जिला सचिवालय में डीसी दफ्तर के आगे मुंह पर काली पट्टी बांध पूरा दिन निर्जल रहते रोष धरना दिया था।
इस पर प्रशासन ने उन्हें शुक्रवार 11 बजे तक टंकी चालू कराने का भरोसा दिया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम चरनजीत सिंह ने गांव बहोना में पानी की टंकी चालू करने का भरोसा दिया। वहीं सरपंच हरभजन सिंह ने प्रशासन से कहा कि वे अपने गांव में टंकी चालू होने और उसका पानी पीने के बाद ही मरणव्रत़ खत्म करेंगे।