चंडीगढ़। एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी सुमेर प्रताप सिंह ने बढ़ते अपराध और ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना पर पुलिस को चालान करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने सोमवार को बैठक बुलाकर सभी डीएसपी और इंस्पेक्टरों के साथ चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। इसके बाद शहर के चारों जोन के ट्रैफिक इंस्पेक्टरों ने शाम को अपने-अपने स्टाफ को सख्त निर्देश जारी किए। इसमें कहा गया है कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को बख्शा न जाए। इसमें बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट, नंबर प्लेट छिपाने, गाड़ी पर ब्लैक फिल्म, रॉन्ग साइड चलने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले कई महीनों से शहर में ट्रैफिक चालान में ढील दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक केवल विजिबल ऑफेंस पर ही चालान के निर्देश थे वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार चालान न करने के निर्देश थे। उनका कहना है कि उनके सामने वाहन चालक लगातार ट्रैफिक नियम तोड़ रहे थे लेकिन वह अफसरों के निर्देशों का पालन कर चालान नहीं कर पाते थे। अब एक बार फिर ट्रैफिक नियमों पर सख्ती शुरू कर दी गई है। संवाद