शहर में हाल में हुई चार बड़ी चोरियों में एक बात कॉमन है। यह है सफेद कार और उसमें सवार चोर। एक महीने के अंदर चार चोरियों के आरोपी इसी सफेद कार से वारदात स्थल तक पहुंचे हैं। इसके साथ ही सफेद कार ने हाईटेक पुलिस के वाहन चेकिंग के दावे की हकीकत को भी सामने ला दिया है। चार चोर एक कार से शहर में वारदात पर वारदात कर रहे हैं और पुलिस इनका सुराग तक नहीं लगा पा रही है।
मनीमाजरा में हुई कार की पहचान
मनीमाजरा स्थित छवि जेवलर्स में चोरी के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कार का नंबर स्पष्ट हो गया। लेकिन, पुलिस छानबीन में पता चला कि कार चोरी की थी। उसकी रिपोर्ट 14 दिसंबर को सेक्टर-19 के थाने में दर्ज कराई गई थी। कार सेक्टर-18 निवासी एक व्यक्ति की है।
पुलिस चेकिंग की खुली पोल
चोरी की कार से चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस के पेट्रोलिंग और चेकिंग के दावों की पोल खुल गई हैं। चोरी की कार एक ही शहर के लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रही थी और पुलिस उसे बरामद तक नहीं कर सकी।
इन चोरियों में सफेद कार
1- नवंबर महीने में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में चोर गैंग ने पूरी फैक्टरी खंगाल डाली। चोरों ने फैक्टरी से लाखों का सामान चुराया था। सुबह मालिक ने सामने की फैक्टरी में लगा सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो पता चला कि चोर एक सफेद रंग की कार से आए थे। फुटेज में कार का नंबर स्पष्ट नहीं पाया था।
2- इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नमकीन की फैक्ट्री में बीते दिनों चोरों के गैंग ने धावा बोला था। चोर फैक्ट्री से चार लाख बारह हजार की नगदी और चेक बुक चोरी कर ले गए थे। सुबह पुलिस ने फैक्ट्री में लगे आठ सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो चार नकाबपोश दिखाई दिए थे। ये चोर भी वारदात के बाद सफेद कार से भाग निकले थे।
3- मनीमाजरा स्थित छवि ज्वेलर्स से चोरों ने डेढ़ किलो चांदी का सामान चुरा लिया था। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि चार चोर सफेद रंग की कार आए और वारदात कर भाग निकले। इसी रात एक ही जगह से मनीमाजरा क्षेत्र की 13 दुकानों में चोरियां हुई थीं।
4- सेक्टर-32 स्थित तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने करीब 72 हजार कैश और दो कंबल चुराए थे। चौकीदार ने बताया कि रात में एक सफेद कार में सवार चार नकाबपोश क्षेत्र में घूम रहे थे। उनकी सूचना पुलिस को दी जा चुकी थी।