चंडीगढ़। अक्षित राणा की बेहतरीन बल्लेबाजी की वजह से चंडीगढ़ ने पुडुचेरी को एक पारी और 36 रन से हराकर कूच बिहार ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला सेक्टर 16 क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस जीत के साथ चंडीगढ़ आठ मैच जीतकर और एक ड्रॉ कर 58 अंक अर्जित कर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज हो गया। कूच बिहार ट्राफी में अक्षित राणा की यह लगातार चौथा शतक रहा।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन रविवार को चंडीगढ़ के गेंदबाजों ने मेहमान टीम की पारी को मात्र 106 रन पर ही समेट दिया। इससे पूर्व चंडीगढ़ ने बीते कल के अपने स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 141 रन से आगे खेलना शुरू किया तो युवराज चौधरी ने अपना अर्धशतक, जबकि विकेट कीपर बल्लेबाज अक्षित राणा ने अपना शतक पूरा किया। पारी के 57वें ओवर में नीथिश कुमार की गेंद पर अक्षित राणा पूरे सौ रन पर आउट हुए। राणा ने अपनी शानदार पारी में 16 चौके जड़े। अगले ही ओवर में युवराज चौधरी भी आउट हो गए। चौधरी 55 के निजी स्कोर पर अरबाजुद्दीन की गेंद का शिकार हुए। इस समय स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 211 रन हुआ। आठवें विकेट की साझेदारी के लिए मनदीप सिंह और राज अंगद बावा ने 71 रन जोड़े और टीम को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया। इसके बाद 85वें ओवर में आर्यन बांगड़ ने मनदीप को 39 के निजी स्कोर पर आउट किया, जबकि बावा (32) श्रीराज द्वारा रन आउट हुए। बांगड़ ने पारी के अंतिम विकेट अमित शुक्ला (2) को आउट करते ही चंडीगढ़ की पारी को 288 रन पर रोका।
बॉक्स
चंडीगढ़ से अर्जुन आजाद और अमित शुक्ला ने चार-चार विकेट लिए
अपनी दूसरे पारी में बल्लेबाजी करने उतरी पुडुचेरी टीम को पहला झटका 12 रन पर मिला जब राज अंगद बावा ने सलामी बल्लेबाज शशांक को 8 के निजी स्कोर पर चलता किया। दूसरे छोर से गेंदबाजी कर रहे अमित शुक्ला ने बावा का पूरा साथ देते हुए सुगादेव (12), कप्तान श्रीराज (18) आर्यन बांगड़ (0) और अरबाजुद्दीन (20) को आउट कर 88 रन पर पुडुचेरी की आधी टीम को पवेलियन पहुंचा दिया। पारी के शेष खिलाड़ियों को आउट करने का जिम्मा अब अर्जुन आजाद ने लिया। बल्ले से विफल रहे अर्जुन ने चार बल्लेबाजों थमीज अज्जाहगन (15), राजाराम (11), पूवियारसन (3) और सबरी (0) को सस्ते में समेटा। इसी बीच अक्षित ने निथिश को शून्य पर रन आउट किया जिससे पूरी टीम 41वें ओवर में 106 रन पर सिमट गई और एक बड़े अंतर से मैच हार गई। गेंदबाजी में चंडीगढ़ टीम की ओर से अर्जुन आजाद ने 11 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि अमित शुक्ला ने 24 रन पर 4 विकेट, राजअंगद बावा को एक विकेट से ही संतोष करना पड़ा।