एडीसी के नेपाली कुक के क्वार्टर की तीसरी मंजिल से कूदकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। घटना बठिंडा की है।
एडीसी के घर में अस्थाई तौर पर कुक का काम करने वाले नेपाली मूल के व्यक्ति राम चंद्र ने अपने सरकारी क्वार्टर की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली।
इस बारे में पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। उक्त व्यक्ति बीते लंबे समय से शिक्षा विभाग में बतौर दर्जा चार कर्मी था, लेकिन वह वर्तमान में एडीसी बठिंडा के घर में अस्थाई तौर पर कुक का काम कर रहा था।
राम चंद्र (38) सिविल लाइन क्षेत्र में बने सरकारी क्वाटरों में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह एडीसी सुमित जारंगल के घर पर बतौर कुक का काम कर रहा था। मंगलवार रात जब वह काम समाप्त कर घर आया तो वह अपनी पत्नी को सैर करने के लिए कहकर चला गया।
वहीं कुछ समय के बाद पता चला कि वह क्वाटरों के ग्राउंड फ्लोर पर गिरा हुआ है। घटना का पता चलते ही विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जो उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी नरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक राम चंद्र शिक्षा विभाग में बतौर दर्जा चार कर्मचारी तैनात था। उसकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है।