चंडीगढ़। कोरोना महामारी के कारण अदालतें बंद होने के कारण इस बार जिला बार एसोसिएशन चुनाव आयोजित नहीं कर पाईं। इसे लेकर पंजाब और हरियाणा की बार काउंसिल ऑनलाइन वोटिंग कराने पर विचार कर रही है। इस ऑनलाइन वोटिंग में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की 140 से अधिक जिला बार एसोसिएशन समेत पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की बार काउंसिल भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार ऑनलाइन वोटिंग कराने से पहले बार काउंसिल सभी जिला बार एसोसिएशन के वकीलों का सर्वे करने जा रही है जिसमें उनसे सुझाव लिए जाएंगे कि ऑनलाइन वोटिंग करवाई जाए या नहीं। इस सर्वे में लगभग 2 सप्ताह का समय लगेगा। अगर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के सभी वकीलों की प्रतिक्रिया सकारात्मक मिलती है तो देश में पहली बार यह चुनाव ऑनलाइन आयोजित होंगे।
पंजाब और हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन करणजीत सिंह ने बताया कि कोरोना के कारण अप्रैल के पहले शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में होने वाले चुनाव आयोजित नहीं किए जा सके, इसलिए ऑनलाइन चुनाव कराने का विचार है, लेकिन यह सर्वे के बाद ही तय किया जाएगा।
सर्वे के दौरान भेजा जाएगा लिंक
सर्वे के लिए सभी वकीलों को एक लिंक भेजा जाएगा, इस लिंक पर क्लिक करने के बाद उस पर वकील को अपना नामांकन नंबर दर्ज करना होगा। असके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगा। उसके बाद उन्हें स्क्रीन पर कुछ प्रश्न दिखाई देंगे। जैसे शारीरिक तौर पर अदालतें खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए या नहीं। इसके अलावा वकील ऑनलाइन चुनाव करने के पक्ष में हैं या नहीं। इस तरीके के प्रश्नों का उन्हें उत्तर देना होगा।
रिजल्ट के आधार पर तय होगा ऑनलाइन चुनाव
सर्वे में क्षेत्र के वकीलों की भागीदारी के आधार पर बार काउंसिल तय करेगी कि ऑनलाइन चुनाव कराए जाएं या नहीं। करणजीत सिंह ने बताया कि यदि वकील ऑनलाइन चुनाव के पक्ष में वोटिंग नहीं करते हैं तो बार काउंसिल पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की जिला अदालतों में संबंधित समितियों को नियुक्ति का विकल्प दे सकती है और यदि अदालत खुलने पर वकील वोटिंग करते हैं तो इस बारे में पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट को सूचित किया जाएगा। इसके बाद सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए पहले की तरह ही चुनाव आयोजित होंगे।