चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के नतीजे सोमवार रात को घोषित कर दिए गए। एडवोकेट भाग सिंह सुहाग ने अपने प्रतिद्वंद्वी एडवोकेट नीरज हंस को 201 मतों से हराकर बार एसोसिएशन के नए प्रधान बने। वहीं, उपप्रधान पद का चुनाव अंकित गुप्ता ने जीता। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अमृतवीर सिंह को 169 वोटों से हराया।
सचिव पद पर गगन अग्रवाल ने जीत दर्ज की। उन्होंने कर्मजीत सिंह को 23 वोटों से हराया जबकि संयुक्त सचिव पद पर गुरविंदर कौर ने विजय हासिल की। उन्होंने पूजा को 536 वोटों से हराया। वहीं, खजांची पद पर विकास कुमार ने जीत दर्ज की, उन्होंने चंदन को 140 वोटों से हराया।
बता दें कि चुनाव के नतीजे सोमवार को हाईकोर्ट में इससे संबंधित दायर याचिका वापस लेने के बाद घोषित किए गए। बार एसोसिएशन के चुनाव बीते छह नवंबर को हुए थे मगर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल होने के बाद अदालत ने याचिका का निपटारा होने तक नतीजे घोषित करने पर रोक लगा दी थी। सोमवार रात चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजेता भाग सिंह के समर्थकों ने जोश और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
भाग सिंह ने ही चुनाव रोकने को लगाई थी याचिका
दरअसल, भाग सिंह सुहाग ने ही हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाए थे कि पिछली कार्यकारिणी ने नियमों के खिलाफ जाकर 69 वकीलों की लंबित राशि को माफ कर दिया था। ऐसे में बार चुनाव पर रोक लगाई जाए। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने चुनाव पर रोक तो नहीं लगाई लेकिन निर्देश दिए कि इन 69 वकीलों के वोट डलवा लिए जाएं लेकिन चुनाव परिणाम याचिका के निपटारे तक घोषित न किए जाएं।
सोमवार को भाग सिंह सुहाग ने अपनी याचिका वापस ले ली। इसके बाद हाईकोर्ट ने परिणाम घोषित करने का फैसला सुनाया। परिणाम घोषित होने पर नवनियुक्त प्रधान भाग सिंह सुहाग ने सभी वकीलों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि वह 15 साल में पहली बार चुनाव लड़े हैं। उन्होंने कहा वकीलों से जुड़ी बहुत समस्याएं हैं। लेकिन सबसे पहले अदालत में शारीरिक रुप से सुनवाई के मुद्दे पर कार्य किया जाएगा। काफी समय से अदालतें बंद होने के कारण वकील, आर्थिक संकट में हैं।